बुलंदशहर: उत्तर पुस्तिकाओं में गड़बड़ी, प्रधानाचार्या पद से हटाई गईं; छह शिक्षिकाओं को नोटिस
जहांगीराबाद के डा. अनुपलाल बंसल बालिका इंटर कालेज में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में अनियमितता के चलते कार्यवाहक प्रधानाचार्या अर्चना गौतम को पद से हटा दिया गया है।

सांकेतिक तस्वीर।
HighLights
प्रधानाचार्या अर्चना गौतम को पद से हटाया गया।
उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में अनियमितताएं मिलीं।
छह शिक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी।
संवाद सूत्र, जहांगीराबाद (बुलंदशहर)। नगर के डॉ. अनुपलाल बंसल बालिका इंटर कॉलेज में उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में अनियमितताओं के मामले में प्रबंधन समिति ने कार्यवाहक प्रधानाचार्या अर्चना गौतम को पद से हटा दिया है। उनके स्थान पर शिक्षिका पूनम गोयल को प्रधानाचार्या का कार्यभार सौंपा गया है। इसके अलावा छह अन्य शिक्षिकाओं को कारण बताओ नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।
मंगलवार को कालेज प्रबंधक विपिन बंसल के अनुसार, सात सितंबर को हुई बैठक में तीन सदस्यीय जांच समिति गठित की गई थी। प्रारंभिक जांच में शैक्षिक सत्र 2025-26 की वार्षिक और अर्द्धवार्षिक परीक्षाओं की समाजशास्त्र विषय की उत्तर पुस्तिकाओं के मूल्यांकन में अनियमितताएं मिली थीं। उत्तर पुस्तिकाओं का सही तरीके से मूल्यांकन किए बिना अंक दे दिए गए। अंकतालिकाओं में भी गलतियां पाई गईं।
डॉ. अनुपलाल बंसल बालिका इंटर कॉलेज में प्रबंधन समिति का फैसला
मामले की जानकारी मिलने पर जिला विद्यालय निरीक्षक के निर्देश पर संबंधित कक्ष की सील खुलवाकर उत्तर पुस्तिकाओं की जांच कराई गई और रिपोर्ट भेजी गई। दो नवंबर को प्रबंधन समिति की बैठक में अर्चना गौतम को पद से हटाने और विस्तृत जांच कराने का निर्णय लिया गया। इसके लिए वेद प्रकाश की अध्यक्षता में दो सदस्यीय जांच समिति बनाई गई है, जिसमें विवेक गर्ग सदस्य हैं।
उधर अर्चना गौतम ने कार्रवाई को साजिश बताते हुए आरोप लगाया कि उन्हें जिला विद्यालय निरीक्षक की अनुमति के बिना पद से हटाया गया और बैठक में बुलाए बिना व्हाट्सएप के माध्यम से इसकी जानकारी दी गई।
यह भी पढ़ें- बुलंदशहर-स्याना-गढ़मुक्तेश्वर स्टेट हाईवे का होगा चौड़ीकरण, दीपावली के बाद शुरू होगा काम
यह भी पढ़ें- सर्दियां आते ही जहरीली हुई बुलंदशहर की हवा, देश के टॉप 10 सबसे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में हुआ शामिल