सर्दियां आते ही जहरीली हुई बुलंदशहर की हवा, देश के टॉप 10 सबसे प्रदूषित शहरों की लिस्ट में हुआ शामिल
सर्दियों के आगमन के साथ ही बुलंदशहर की हवा जहरीली हो गई है, जिसका एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी के करीब पहुंच गया है।

प्रदूषण के कारण सोमवार को बुलंदशहर के आसमान में छाई रही धुंध
HighLights
बुलंदशहर का एक्यूआई 289, खुर्जा का 290 दर्ज।
शहर देश के शीर्ष 10 प्रदूषित शहरों में शामिल।
कूड़ा जलाने, धूल और वाहनों से बढ़ रहा प्रदूषण।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। सर्दी का असर बढ़ते ही हवा में प्रदूषण का जहर घुलने लगा है। एक्यूआई बेहद खराब श्रेणी के करीब पहुंचते ही आसमान में प्रदूषण की धुंध भी छाने लगी है। कार्रवाई की कवायद ढीली पड़ते ही जिला देश से सबसे प्रदूषित शहरों की टॉप टेन सूची में शामिल हो गया है। सोमवार को बुलंदशहर का एक्यूआई खराब श्रेणी में 289 रिकॉर्ड किया गया। जबकि खुर्जा का 290 दर्ज किया गया, जो सेहत पर भारी पड़ता रहा।
मौसम बदलते ही सुबह के समय धुंध छा रही है। जगह-जगह कूड़ा और पराली जलाई जा रही है। सड़कों पर उड़ती धूल, वाहनों का धुआं और निर्माण कार्य भी प्रदूषण बढ़ा रहे हैं। दीपावली से पहले ही जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक 200 के पार पहुंच गया है। इस कारण जिले की आवो-हवा खराब श्रेणी में रिकॉर्ड की जा रही है।
ह्दय, सांस रोगियों के अलावा सामान्य लोगों को भी परेशानी उठानी पड़ रही है। जबकि बढ़ते प्रदूषण के कारण ग्रेप-1 तक लागू हो चुका है, लेकिन इसकी पाबंदियों पर जिम्मेदार विभाग अमल नहीं करा पा रहे हैं। कूड़ा और पराली जलाने वाले पर कार्रवाई का शिकंजा नहीं कसा जा सका है।
निर्माण कार्यों पर भी रोक नहीं लगाई जा सकी है। नतीजन, रविवार के मुकाबले बुलंदशहर का एक्यूआई 54 पायदान की छलांग लगाकर बेहद खराब स्थिति के करीब पहुंच गया। सीपीसीबी की रिपोर्ट में खराब श्रेणी में एक्यूआई 289 रिकॉर्ड किया गया।
जबकि खुर्जा का एक्यूआई भी 33 अंकों की उछाल के साथ 290 दर्ज किया गया। ऐसे में बुलंदशहर देश के सबसे प्रदूषित शहरों की सूची में दसवें और खुर्जा नवमें स्थान पर पहुंच गया।
अधिक देर तक बाहर रहने से सेहत पर पड़ सकता है असर
स्वास्थ्य विभाग के जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. रमित कुमार का कहना है कि प्रदूषण खराब स्थिति में पहुंच गया है। ऐसे में अधिक देर तक बाहर रहने पर लोगों की सेहत पर असर पड़ सकता है।
प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के क्षेत्रीय अधिकारी क्षितीज पटेल ने बताया कि बढ़ते प्रदूषण को कम करने के लिए नगर पालिका के सहयोग से सड़कों पर छिड़काव कराया जा रहा है। संबंधित विभागों को भी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।