बुलंदशहर में पहासू-दानपुर मार्ग का 23.83 करोड़ से होगा कायाकल्प, आवागमन होगा सुगम
बुलंदशहर के पहासू-दानपुर मार्ग का 23.83 करोड़ रुपये की लागत से 13.70 किमी चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण होगा, जिससे राहगीरों को बदहाल सड़क से निजात मिलेगी।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।
HighLights
पहासू-दानपुर मार्ग का 23.83 करोड़ रुपये से होगा चौड़ीकरण।
13.70 किमी सड़क 3.75 से 5.50 मीटर चौड़ी होगी।
खुर्जा, जेवर, गभाना सहित कई क्षेत्रों को मिलेगी राहत।
जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। गहरे गड्ढों और बदहाल हालत के कारण राहगीरों के लिए मुसीबत बने पहासू-दानपुर मार्ग के अब दिन बहुरने वाले हैं। शासन ने करीब 23.83 करोड़ रुपये की लागत से 13.70 किलोमीटर लंबे मार्ग के चौड़ीकरण, सुदृढ़ीकरण और नवनिर्माण को वित्तीय एवं प्रशासनिक मंजूरी दे दी है। सड़क बनने के बाद पहासू-दानपुर के बीच आवागमन सुगम होने के साथ खुर्जा, जेवर, गभाना, खैर और चंदौस क्षेत्र के लोगों को भी बड़ी राहत मिलेगी।
क्षेत्र के हिम्मतगढ़ी, लघुपुरा, कीरतपुर, नाई नगला, अहमदबास समेत कई गांवों से होकर गुजरने वाला यह मार्ग पिछले काफी समय से बदहाल है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे होने के कारण राहगीरों को जान जोखिम में डालकर सफर करना पड़ रहा है। बरसात के दौरान स्थिति और खराब हो जाती है। गड्ढों के कारण कई स्थानों पर हादसे भी हो चुके हैं।
स्थानीय निवासी वीरेंद्र ने बताया कि पहासू-दानपुर मार्ग केवल स्थानीय आवागमन के लिए ही महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि अलीगढ़ जनपद के गभाना, खैर, चंदौस, जेवर और खुर्जा क्षेत्र के लोग भी इसका प्रयोग करते हैं। अनूपशहर और नरौरा क्षेत्र में गंगा स्नान के लिए जाने वाले लोगों के लिए भी यह मार्ग महत्वपूर्ण है। सड़क के चौड़ीकरण और नवनिर्माण से इन क्षेत्रों के बीच आवागमन और संपर्क व्यवस्था बेहतर होगी।
विधायक अनिल शर्मा ने भेजा था प्रस्ताव
भाजपा युवा नेता कुश शर्मा ने बताया कि उनके स्वर्गीय पिता शिकारपुर विधायक अनिल शर्मा ने पहासू-दानपुर मार्ग के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को भेजा था। अब शासन से वित्तीय एवं प्रशासनिक स्वीकृति मिल गई है। करीब 23.83 करोड़ रुपये की लागत से मार्ग का निर्माण कराया जाएगा। इससे क्षेत्र के लोगों को लंबे समय से चली आ रही सड़क की समस्या से निजात मिलने की उम्मीद है।
पहासू-दानुपर मार्ग के चौड़ीकरण का कार्य लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा। विभाग के जेई मोहम्मद इकबाल भाटी ने बताया कि वर्तमान में मार्ग की चौड़ाई 3.75 मीटर है और कार्य के बाद मार्ग की चौड़ाई 5.50 मीटर हो जाएगी। साथ ही कुछ ही दिनों बाद मार्ग पर कार्य शुरू किया जाएगा।
