जिले में भाजपा का क्लीन स्विप, सभी सातों सीटों पर कब्जा
जागरण टीम बुलंदशहर विधानसभा क्षेत्र चुनाव में गुरुवार को मतगणना के बाद भाजपा में जिले में अपनी साख के साथ धमक बरकरार रखी। वर्ष-17 में भाजपा ने अपने क्लीन स्विप के रिकार्ड को न सिर्फ बरकरार रखा बल्कि कई सीटों पर जीत का अंतर भी बढ़ाया।

जागरण टीम, बुलंदशहर
विधानसभा क्षेत्र चुनाव में गुरुवार को मतगणना के बाद भाजपा में जिले में अपनी साख के साथ धमक बरकरार रखी। वर्ष-17 में भाजपा ने अपने क्लीन स्विप के रिकार्ड को न सिर्फ बरकरार रखा बल्कि कई सीटों पर जीत का अंतर भी बढ़ाया। किसान आंदोलन के बाद जिले में राजनीतिक जमीन तलाश रहे विपक्ष को यहां मुंह की खानी पड़ी। जिले की सभी सीटों पर विपक्ष वोटों के लिए तरसता दिखा। मतगणना में शुरूआत से ही पांच सीटों पर बढ़त बनाएं भाजपा को बुलंदशहर सदर व सिकंदराबाद में कड़ा मुकाबला दिखा। दोपहर बाद यहां भी भाजपा ने बढ़त बनानी शुरू की तो विपक्ष बेबस नजर आया। एक के बाद एक विपक्षी प्रत्याशी मतगणना स्थल से निकलकर चले गए। जिले की सभी सातों सीटों पर कब्जा कर भाजपा ने अपने मजबूत दुर्ग को यहां बरकरार रखा।
वर्ष-17 में भाजपा ने जिले की सिकंदराबाद, डिबाई, खुर्जा सुरक्षित, शिकारपुर, स्याना, अनूपशहर, बुलंदशहर सदर सीटों पर कब्जा किया था। सभी सीटों पर जीत का अंतर बेहद ज्यादा था। इस चुनाव में भाजपा के सामने सातों सीटों फिर कब्जा कर साख बचाने की चुनौती थी। टिकट वितरण में भाजपा आलाकमान ने विरोध को देखते हुए डिबाई, खुर्जा, सिकंदराबाद व बुलंदशहर सदर सीट से मौजूदा विधायकों के टिकट काट दिए थे। उनके स्थान पर नए चेहरे उतारे थे। मतगणना के बाद जो परिणाम आए है, उससे साफ है, भाजपा का यह प्रयोग सफल रहा। किसान आंदोलन के बाद लामबंद हुए सपा-रालोद गठब्धन की मजबूत चुनौती को तोड़ते हुए भाजपा के लक्ष्मीराज सिंह ने सिकंदराबाद सीट पर पूर्व एमएलसी व बिहार के पूर्व सीएम लालू यादव के दामाद राहुल यादव को 29343 वोट से हराया। डिबाई सीट पर भाजपा के सीपी सिंह ने सपा प्रत्याशी हरीश लोधी को 68025 वोट से हराकर जीत दर्ज की। प्रतिष्ठा का प्रश्न बनी बुलंदशहर सदर सीट पर भाजपा के प्रदीप चौधरी ने पूर्व विधायक हाजी अलीम के भाई हाजी युनुस को 25830 वोट से हराया। खुर्जा सुरक्षित सीट पर भाजपा की मीनाक्षी सिंह ने सपा के बंशी सिंह पहाडिया को 70377 वोट से शिकस्त दी। शिकारपुर सीट पर भाजपा प्रत्याशी राज्यमंत्री अनिल शर्मा ने पूर्व कैबिनेट मंत्री किरनपाल सिंह को 55683 वोट से मात दी। मध्यप्रदेश की पूर्व सीएम उमा भारती के बेहद करीब भाजपा प्रत्याशी संजय शर्मा ने एनसीपी प्रत्याशी केके शर्मा को 81422 वोट से हराकर लंबी लाइन खींची है। स्याना सीट पर मौजूदा विधायक देवेन्द्र लोधी ने रालोद प्रत्याशी दिलनवाज को 89657 वोट के भारी अंतर से हराकर जीत हासिल की। भाजपा के जिले में क्लीन स्विप से भाजपाई खेमा जहां खुश हैं, वहीं विपक्ष खेमा सन्नाटे में है। जनता के आए इस फैसले से पूर्व विपक्ष यहां इस बार भारी बढ़त की उम्मीद कर रहा था। गठबंधन नेता जिले में तीन से चार सीटें जीतने का दावा कर रहे थे।
-------------------
लोकेश पंडित
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।