UP: भाजपा के दिग्गज नेता डॉ. छत्रपाल सिंह का निधन, वाजपेयी की सरकार में रहे मंत्री, चार बार सांसद थे
Chatrapal Singh Passes Away | बुलंदशहर के पूर्व सांसद और भाजपा नेता डा. छत्रपाल सिंह का दिल्ली एम्स में निधन हो गया। वह 79 वर्ष के थे। उनके निधन से क्षेत्र में शोक की लहर है। डॉ. सिंह चार बार बुलंदशहर से सांसद रहे और अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में मंत्री भी थे। उनका अंतिम संस्कार उनके पैतृक गांव में किया गया।

जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। भाजपा से चार बार बुलंदशहर लोकसभा सीट के पूर्व सांसद व पूर्व केन्द्रीय राज्यमंत्री डा. छत्रपाल सिंह ने दिल्ली के एम्स में सोमवार सुबह छह बजे अंतिम सांस ली। पूर्व सांसद के निधन की सूचना मिलते ही उनके आवास पर भाजपाइयों समेत अन्य लोग एकत्र होना शुरू हो गए। अंतिम शव यात्रा में लोग की भारी भीड़ रही।
पूर्व सांसद के बेटे डा. हेमंत सिंह ने बताया कि पिछले कुछ दिन से उनके पिता बुलंदशहर लोकसभा सीट से भाजपा के चार बार के 79 वर्षीय पूर्व सांसद डा. छत्रपाल सिंह काे लीवर में परेशानी हो रही थी। तबियत बिगड़ने पर उनको दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया था।
सोमवार सुबह छह उनका उपचार के दौरान एम्स में निधन हो गया। पूर्व सांसद के निधन की सूचना मिलते ही पूर्व सांसद के शहर की टीचर्स कालोनी स्थित आवास पर भाजपाई और लोग एकत्र होना शुरू हो गए।
वन पर्यावरण जंतु उद्यान एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री अरुण कुमार ने भाजपा जिलाध्यक्ष विकास चौहान व अन्य भाजपाइयों के साथ पूर्व सांसद को श्रद्धांजलि दी। सांसद डा. भोला सिंह, स्याना विधायक देवेंद्र सिंह लोधी, विधायक लक्ष्मीराज सिंह व रालोद जिलाध्यक्ष पंकज प्रधान, अजय त्यागी, संजय गुर्जर, नागेन्द्र प्रधान, हितेश गर्ग, संतोष वाल्मीकि व दीपक ऋषि समेत अन्य भाजपा के पदाधिकारी और कार्यकर्ताओं तथा डीएम श्रुति व एसएसपी दिनेश कुमार सिंह ने पूर्व सांसद को श्रद्धांजलि दी।
दोपहर बाद टीचर्स कालोनी से उनकी अंतिम शव यात्रा स्याना स्थित उनके पैतृक गांव बिगराऊ के लिए निकली। अंतिम शव यात्रा में लोगों की भीड़ रही। गांव में बड़े बेटे हेमंत सिंह लोधी ने मुखाग्नि दी। पूर्व सांसद अपने पीछे पत्नी और चार बेटे-बहु भरापूरा परिवार छोड़ गए हैं।
पूर्व सांसद का राजनीतिक करियर
विधानसभा स्याना क्षेत्र के बिगराऊ गांव के मूल निवासी डा. छत्रपाल सिंह ने 1980 में जनता एस पार्टी से राजनीति की शुरूआत की थी। 1980 में विधानसभा का चुनाव लड़ कर पहली बार में विधानसभा पहुंचे थे। इसके बाद 1980 में भाजपा में शामिल हो गए थे। बुलंदशहर लोकसभा सीट से भाजपा के टिकट पर 1991 में पहली बार डा. छत्रपाल सिंह सांसद बने थे।
इसके बाद 1996,1998,1999 तक लगातार भाजपा से रिकार्ड मतों के साथ बुलंदशहर लोकसभा के चार सांसद रहे। 2003 में पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी सरकार में डा. छत्रपाल सिंह केंद्रीय उर्वरक एवं रसायन राज्य मंत्री बनाए गए थे। साथ ही वह भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय सचिव भी रहे थे। 2004 में बुलंदशहर लोकसभा सीट से भाजपा ने पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह को प्रत्याशी घोषित किया था। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने डा. छत्रपाल सिंह को उड़ीसा से राज्य सभा सदस्य बनवाया था।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।