Bulandshahr में वाशिंग पाउडर बनाने की अवैध फैक्ट्री में धमाका, 5 की मौत, आसपास खेतों में बिखरे शवों के टुकड़े
Bulandshahr News वाशिंग पाउडर बनाने की अवैध फैक्ट्री में धमाके के बाद इमारत जमींदोज ईंट सरिया और शवों के टुकड़े आसपास के खेतों में गिरे। केमिकल व तीन सिलेंडर मिले तीन सदस्यीय जांच टीम गठित। मालिक के भाई समेत पांच लोगों की जान गई।

बुलंदशहर, जागरण टीम। वाशिंग पाउडर बनाने की अवैध फैक्ट्री में धमाके से इमारत जमींदोज हो गई और मलबे में दबने से मालिक के भाई समेत पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में एक पांच साल का बच्चा भी शामिल है। धमाका इतना तेज था कि फैक्ट्री की ईंट, सरिया व मारे गए लोगों के शरीर के टुकड़े आसपास के खेतों में जाकर गिरे।
तीन सदस्यीय कमेटी करेगी जांच
मौके से केमिकल, एसिड, पोटाश, तीन गैस सिलेंडर और प्लास्टिक के कई ड्रम आदि सामान मिला है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने राहत व बचाव अभियान को लेकर आवश्यक निर्देश दिए। डीएम ने जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम गठित की है।
शुक्रवार दोपहर करीब एक बजे सरिता कालोनी स्थित फैक्ट्री में तेज धमाके के साथ धमाका हुआ, जिसकी आवाज चार किलोमीटर तक सुनाई दी। धमाके के साथ इमारत जमींदोज हो गई और आसपास लगे बिजली के खंभे टूट गए व हवा में धुएं का गुबार छा गया।
कई किलोमीटर दूर तक सनी आवाज
ढ़िकौली रोड पर नया गांव सरिता विहार क्षेत्र में अवैध फैक्ट्री में विस्फोट की आवाज कई किलोमीटर दूर तक सुनाई दी। जिसे सुनकर कालाआम चौराहे तक लोग सहम गए। महिला थाने एवं आसपास के घरों की खिड़कियां टूट गई। एक अर्द्धनिर्मित दीवार गिर गई और कई मकानों की दीवार तक हिल गई। शुक्रवार दोपहर लगभग एक बजे अवैध फैक्ट्री में जोरदार धमाका सुनाई दिया। कई किलोमीटर दूर कालाआम चौराहा, लक्ष्मी नगर सहित शहर के अन्य इलाकों में तेज धमाके की आवास सुनाई दी।
घरों के शीशे टूटकर बिखरे
फैक्ट्री के निकट ही स्थित महिला थाना की खिड़कियों के शीशे टूट कर बिखर गए। इसके अलावा आसपास के मकानों की खिड़कियों टूट गई। आसपास के मकान में लोगों ने कंपन महसूस किया। खुद के सही सलामत होने पर लोग भगवान का शुक्रिया अदा कर रहे थे। देवीपुरा इलाके में अर्द्धनिर्मित दीवार ढह गई। जबकि धमाके के नजदीक के इलाकों का बुरा हाल था।
धुआं छटने से पहले ही पुलिस-प्रशासन की गाड़ियों का सायरन बजने लगा। थोड़ा धुआं कम होने पर मंजर देख रुह कांप उठी। मकान जमींदोज हो चुका था। क्षत-विक्षित शव पड़े थे। पुलिस-प्रशासन की टीम राहत कार्य में जुट गई थी। मौके पर मौजूद लोगों को धमाके के पलों को याद करके कंपकपी छूट रही थी। मारे गए लोगों के स्वजन के आंखों से आंसू बह रहे थे।
दूर से ही दिख रहा था आसमान में उठा धुएं का गुबार
विस्फोट की आवाज के साथ ही धुएं का गुबार आसमान में उठने लगा। शहर के दूसरे छोर से भी उठता धुएं का गुबार को देख लोग हैरान रह गए। किसी अनहोनी घटना को लेकर मन में सवाल उठने लगे। जबकि नजदीक रहने वालों का बुरा हाल था। धमाके को सुनकर वैसे ही दहशत में थे और धुआं घरों में भरने लगा। यह देख गृह स्वामी बच्चों को लेकर सुरक्षित स्थान पर भागने लगे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।