Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बुलंदशहर में छत पर सो रहे हलवाई की गला रेतकर हत्या, अवैध संबंधों के चलते वारदात की आशंका

    Updated: Sat, 13 Sep 2025 05:25 PM (IST)

    बुलंदशहर के अगौता क्षेत्र के गढ़िया गांव में एक हलवाई की छत पर सोते समय गला रेतकर हत्या कर दी गई। ड्रेनेज पाइप से खून टपकता देखकर मां छत पर पहुंची तो बेटे का शव खून से लथपथ मिला। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अवैध संबंधों के चलते हत्या की आशंका जताई जा रही है पुलिस गहनता से जांच कर रही है।

    Hero Image
    मकान की छत पर सो रहे हलवाई की गला रेत कर हत्या।

    जागरण संवाददाता, बुलंदशहर। अगौता क्षेत्र के गांव गढ़िया में मकान की छत पर अकेले सो रहे हलवाई की गला रेतकर हत्या कर दी गई। मकान में नीचे ड्रेनेज पाइप से खून टपकता देख छत पर अनहोनी की आशंका होने पर जब मां ऊपर गई, तो बेटे का शव खून से लथपथ चारपाई पर पड़ा मिला।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    इसे देखकर मां चीखती हुई बेहोश हो गई। हलवाई की हत्या से पूरे गांव हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है।

    अगौता थाना क्षेत्र के गांव गढ़िया निवासी 33 वर्षीय नानक पुत्र रामचंद्र उर्फ देवगौडा़ पिछले 15 सालों से हलवाई का काम कर अपने परिवार का पालन पोषण करता चला आ रहा था। रोजमर्रा की तरह शुक्रवार रात वह भोजन करने के बाद मकान की छत पर चारपाई पर सोने चला गया था।

    मकान में नीचे उसकी पत्नी रानी अपने चार बच्चों के साथ सो रही थी। पड़ोस में नानक का छोटा भाई बाला सिंह अपनी मां नन्हीं के साथ परिवार समेत रहता है। शनिवार की सुबह मां नन्हीं नानक के मकान में पहुंची, तो पत्नी व बच्चों के साथ सो रही थी।

    इसी बीच मां ने मकान के ड्रेनेज पाइप से खून टपकता हुआ देखा। इस पर मां को कुछ अनहोनी की आशंका हुई और वह छत पर पहुंची। वहां उसे बेटे का शव खून से लथपथ चारपाई पर पड़ा मिला। उसके गले को धारदार हथियार से रेता गया था। यह देखकर मां ने शोर मचाया और वह बेहोश हो गई।

    इसके बाद पत्नी व अन्य ग्रामीण छत पर पहुंचे। ग्रामीणों की सूचना पर एसपी सिटी शंकर प्रसाद, एएसपी रिजुल कुमार थाना पुलिस के साथ मौके पर पहुंचे। फारेसिंक टीम ने भी घटना स्थल पर पहुंचकर कुछ साक्ष्य लिये। बाद में पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए मर्चरी भेज दिया।

    छोटे भाई बाला सिंह ने अज्ञात के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। नानक ने अपने पीछे तीन पुत्र और एक पुत्री को छोड़ा है। नानक की आर्थिक स्थिति गांव में ठीक थी। उसके पास खुद का मकान, जमीन व ट्रैक्टर कटर था। कटर को वह किराये पर चलवाता था। उसके साथ कई युवक व कारीगर हलवाई के काम में जुड़े थे।

    अवैध संबंधों का कारण मान रहीं पुलिस

    पुलिस के अनुसार नानक व बाला के साथ दो बहनों का विवाह हुआ था। छोटे भाई की पत्नी एक सप्ताह पूर्व किसी युवक के साथ चली गई। इस संबंध में उसकी गुमशुदगी का मुकदमा दर्ज है। नानक के यहां भी एक युवक का आना जाना था। नानक उस युवक के मकान पर आने का विरोध करता था।

    इसे लेकर उसका पत्नी से झगड़ा होता रहता था। पुलिस हत्या कारण अवैध संबंध मान रही है। थाना प्रभारी यंग बहादुर सिंह ने बताया कि अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।

    पुलिस हर बिंदु पर गहनता से जांच कर रही है। जल्द घटना का राजफाश किया जाएगा। पोस्टमार्टम होने के बाद शव का पुलिस की मौजूदगी में अंतिम संस्कार कर दिया है।