विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कार्तिक पूर्णिमा मेला: गंगा किनारे सजेगी तंबुओं की नगरी, बिजनौर में पांच किमी के क्षेत्र में लगेगा मेला

Published: Tue, 10 Nov 2026 11:26 PM (IST)

बिजनौर के विदुरकुटी गंगा घाट पर कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियां जोर-शोर से चल रही हैं, मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल की मदद से बनाया गया है।

HighLights

  1. बिजनौर में कार्तिक पूर्णिमा मेले की तैयारियां शुरू।

  2. मुख्य स्नान 24 नवंबर को, पांच लाख श्रद्धालु अपेक्षित।

  3. सुरक्षा और सुविधाओं पर विशेष ध्यान दिया जा रहा।

जागरण संवाददाता, बिजनौर। विदुरकुटी गंगा घाट कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले की तैयारियां शुरू हो गई है। 24 नवंबर को मुख्य स्नान होगा। जिला पंचायत द्वारा मेले का आयोजन किया जाएगा। गंगा में आई बाढ़ और जलधारा की दिशा बदलने से इस बार श्रद्धालुओं को बिजनौर-चांदपुर मार्ग से गंगा घाट तक जाने के लिए ढाई किमी की दूरी तय करनी होगी। वर्तमान में मेले में आवाजाही और मेले परिसर तक पहुंचने के लिए अस्थाई सड़कें बनाने और पथ प्रकाश व्यवस्था बनाने का काम चल रहा है।

कार्तिक पूर्णिमा गंगा स्नान मेले का मुख्य स्नान 24 नवंबर को होगा। देव उठनी एकादशी से मेले में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो जाएगा, हालांकि अभी तक मेले के उद्घाटन की तिथि तय नहीं है।

बारिश से प्रभावित हुआ मेला क्षेत्र

इस बार पहाड़ों पर हुई जोरदार बरसात के कारण गंगा की जलधारा की दिशा बदलने और बाढ़ की स्थिति बनने से पूर्व के मेला क्षेत्र भी प्रभावित हुआ है और इस बार बिजनौर-चांदपुर मार्ग से गंगा मेले में प्रवेश होगा और अधिक दूरी तय करनी होगी।

उधर, पिछले कई दिन से विदुर मंदिर के पास से अस्थाई रूप से मेले का मुख्य रास्ता और केवलानंद आश्रम के निकट से वीआईपी सड़क बनाए जाने का काम चल रहा है। मेला परिसर और मुख्य मार्ग से गंगा घाट तक अस्थाई सड़कें बनाई जा रही है और पथ प्रकाश के लिए स्ट्रीट लाइट लगाने का कार्य भी शुरू कर दिया गया है।

डेढ़ करोड़ का बजट किया निर्धारित

जिला पंचायत ने गंगा किनारे पर लगने वाले मेले में व्यवस्था बनाने के लिए जिला पंचायत ने करीब डेढ़ करोड़ रुपये का बजट निर्धारित किया है। बजट से गंगा घाट पर वाच टावर, गंगा में गहरा जल चिह्नित करने के लिए बैरिकेडिंग, महिला घाट, 100 शौचालय, पेयजल के लिए हैंडपंप, सड़कों के किनारे 10-10 फीट फुटपाथ बनाया जाएगा। इसके अलावा श्रद्धालुओं के लिए टेंट की व्यवस्था भी की जाएगी। मेले में तमाम व्यवस्था 18 नवंबर तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है।

पांच किमी के क्षेत्र में लगेगा मेला, पांच लाख से अधिक पहुंचेंगे श्रद्धालु

गंगा किनारे लगने वाले मेले में हर साल करीब पांच लाख से अधिक श्रद्धालु पहुंचने का अनुमान है। पूर्व के वर्षों में यहां श्रद्धालुओं की संख्या चार लाख के करीब थी। श्रद्धालुओं की संख्या के अनुसार ही यहां व्यवस्था की जा रही है। मेले में स्वास्थ्य, पशुपालन, कृषि समेत कई अन्य विभागों के अलावा धार्मिक, सामाजिक, राजनैतिक संगठनों के प्रचार शिविर लगेंगे। मेले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए पंडाल लगाया जाएगा।

सुरक्षा व्यवस्था पर रहेगा जोर

पूर्व में गंगा स्नान के दौरान हादसे भी हो चुके हैं। ऐसे में इस बार हादसे रोकने के लिए किनारे पर चेतावनी बोर्ड लगाने के साथ रस्सा बांधने के अलावा गोताखोरों के अलावा एसडीआएफ की टीम सक्रिय रहेंगी है। इसके अलावा स्थानीय युवा भी लोगों को गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए जागरूक करेंगे।

कार्तिक पूर्णिमा के अवसर गंगा किनारे पर लगने वाले मेले की तैयारियां शुरू कर दी गई है। यहां आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या में लगातार वृद्धि को देखते हुए सुरक्षा और सुविधा पर अधिक जोर दिया जा रहा है। मेला आयोजन से पहले सभी तैयारियों को पूर्ण कर लिया जाएगा।

-साकेंद्र प्रताप सिंह, जिला पंचायत प्रशासक

यह भी पढ़ें- महाभारत कालीन गढ़ गंगा मेला आज से गुलजार, तंबुओं का शहर बसना शुरू; सुरक्षा के लिए बनी अस्थाई पुलिस लाइन

यह भी पढ़ें- तिगरी मेला: 1.89 करोड़ से बिछाया गया 22 KM लंबा सड़कों का जाल, 15 नवंबर से होगा भव्य आयोजन

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।