Bijnor News: दहेज के लिए गर्भवती विवाहिता की हत्या, पति, सास-ससुर समेत पांच पर मुकदमा दर्ज
बिजनौर के नगीना में दहेज की मांग पूरी न होने पर एक गर्भवती विवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। मृतका नेहा पांच माह की गर्भवती थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतका की मां की तहरीर पर पति सास-ससुर समेत सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास कर रही है।

जागरण संवाददाता, बिजनौर। नगीना में दहेज की मांग पूरी नहीं होने पर गर्भवती विवाहिता की गला घोंटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका की मां की तहरीर पर पति, सास-ससुर समेत सात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। महिला पांच माह की गर्भवती थी।
बढ़ापुर थाना क्षेत्र के गांव बांसूवाला निवासी संतोष देवी पत्नी महेंद्र ने अपनी बेटी बेटी नेहा की शादी नगीना के मुहल्ला कायस्थ सराय निवासी सूरज से की थी। रविवार रात 11 बजे पुलिस को सूचना मिली कि नेहा की हत्या का दी गई है।
जानकारी पर सीओ नगीना अंजनी कुमार चतुर्वेदी और थाना प्रभारी मौके पर पहुंच गए। मायके वाले भी मौके पर पहुंच गए। मायके वालों ने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाते हुए हंगामा किया।
आरोप है कि काफी समय से दहेज की लिए उसे परेशान किया जा रहा था। मांग पूरी नहीं होने पर गला घोंटकर हत्या की गई है। स्वजन का कहना है कि नेहा ने फांसी लगाई थी। दरवाजा तोड़कर उसे नीचे उतारा गया।
जांच के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मृतका की मां संतोष देवी की तहरीर पर पति सूरज, ससुर महेंद्र, सास सुमन, ननद सानिया, देवर आशीष के अलावा राहुल और कुंवरपाल के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
थाना प्रभारी संजय तोमर ने बताया कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।