अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में जंगल सफारी का शुभारंभ, कमिश्नर ने हरी झंडी दिखाकर जिप्सी को किया रवाना
अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में पांचवें शीतकालीन पर्यटन सत्र का शुभारंभ हुआ, जहाँ कमिश्नर संगीता सिंह ने जंगल सफारी को हरी झंडी दिखाई।
-1793598836240_m.webp)
रेहड़ के केहरीपुर रेंज कार्यालय परिसर से स्कूली बच्चों की जिप्सी को हरी झंडी दिखाकर रवाना करतीं कमिश्नर। जागरण
HighLights
अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में पांचवें शीतकालीन पर्यटन सत्र का शुभारंभ।
कमिश्नर संगीता सिंह ने जंगल सफारी को हरी झंडी दिखाई।
वन्यजीवों के दर्शन और प्रकृति संरक्षण पर दिया गया जोर।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। अमानगढ़ टाइगर रिजर्व वन रेंज में रविवार को पांचवें शीतकालीन पर्यटन सत्र का शुभारंभ हो गया। केहरीपुर जंगल स्थित रेंज कार्यालय परिसर में कमिश्नर संगीता सिंह ने फीता काटकर इसका उदघाटन किया। स्कूली बच्चों की जिप्सी को हरी झंडी दिखाकर जंगल सफारी के लिए रवाना किया।
कार्यक्रम के दौरान कमिश्नर संगीता सिंह ने कहा कि सभी को प्रकृति एवं वन संपदा का सम्मान करना चाहिए। वन एवं वन संपदा अमूल्य निधि हैं। उन्होंने पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए शासन स्तर पर हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।
टाइगर रिजर्व ने बिजनौर को दी अलग पहचान
वन संरक्षक मुरादाबाद आदर्श कुमार ने कहा कि अमानगढ़ टाइगर रिजर्व ने बिजनौर को अलग पहचान दी है। जंगल सफारी को आकर्षक और रोमांचित बनाने के लिए इसका दायरा बढ़ाने पर विचार किया जा रहा है। वन संरक्षक आदर्श कुमार ने कमिश्नर को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया।
डीएफओ जय सिंह कुशवाहा ने वर्ष 2022 से शुरूआत के बाद से अभी तक जंगल सफारी की गतिविधियों पर प्रकाश डाला। वहीं कमिश्नर ने नेचर गाइडों, जिप्सी चालकों और दैनिक वन श्रमिकों को जैकेट वितरित कीं।
इस अवसर पर वन क्षेत्राधिकारी अमानगढ़ अंकिता किशोर, डीएफओ नजीबाबाद पृथ्वीराज, एएसपी पूर्वी अमित श्रीवास्तव, सीओ आलोक कुमार, एसडीएम नितिन कुमार, तहसीलदार विपिन कुमार, वन क्षेत्राधिकारी नगीना प्रदीप कुमार शर्मा आदि अधिकारी मौजूद रहे।
पहले दिन नहीं पहुंचे पर्यटक
जंगल सफारी के उदघाटन पर पहले दिन पर्यटक नहीं पहुंचे। अतिथि द्वारा हरी झंडी दिखाकर पहले दिन स्कूली बच्चों की जिप्सी को जंगल सफारी के लिए रवाना किया गया। इसके बाद मुख्य अतिथि मुरादाबाद कमिश्नर संगीता सिंह ने भी अधिकारियों के साथ जंगल सफारी का आनंद लिया।
वन्य जीव करते हैं पर्यटकों को आकर्षित
अमानगढ़ टाइगर रिजर्व में रायल बंगाल टाइगर की दहाड़, हाथी की चिंघाड़ और चीतल की सुंदरता सभी को आकर्षित करती हैं। इसके अलावा कई प्रजातियों के पक्षी, मोर, नील गाय आदि भी दिखाई देते हैं।
आमतौर पर 15 नवंबर से वन क्षेत्र में जंगल सफारी का आगाज होता है, लेकिन पिछले वर्ष से एक नवंबर से जंगल सफारी शुरू कराई गई है। पर्यटकों को वन्यजीवों के दर्शन कराने व सुरक्षा की दृष्टि से ट्रैक के किनारे दोनों ओर व्यू लाइन को साफ कर दिया गया है। यहां पर सुबह व शाम की शिफ्ट में दस जिप्सी प्रवेश करेंगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।