घूमने के शौकीनों के लिए खुशखबरी: खुल गए पीटीआर के दरवाजे, अब एक ही पोर्टल से मिलेगी UP के सभी टाइगर रिजर्व की बुकिंग
पीलीभीत टाइगर रिजर्व पर्यटकों के लिए खुल गया है, जिसका उद्घाटन वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने किया। अब पर्यटक ...और पढ़ें

टाइगर रिजर्व में सफारी का आनंद लेते पर्यटक। जागरण
HighLights
वन मंत्री ने किया शुभारंभ, चूका बीच के लिए सफारी वाहनों को दिखाई हरी झंडी
पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार हुआ जंगल, सैलानियों के चेहरे खिले
संवाद सहयोगी, कलीनगर (पीलीभीत)। पीलीभीत टाइगर रिजर्व में रविवार को नए पर्यटन सत्र का विधिवत शुभारंभ हुआ। प्रदेश के वन मंत्री अरुण कुमार सक्सेना ने मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस परिसर में हवन-पूजन से नए सत्र का उद्घाटन किया। अब टाइगर रिजर्व में प्रतिदिन पर्यटकों को सफारी की सुविधा मिल सकेगी।
नए सत्र के आगाज के साथ जंगल की सैर और चूका बीच की खूबसूरती निहारने के लिए पर्यटकों में खासा उत्साह दिखाई दिया। चूका बीच पर दिनभर पर्यटकों की चहल-पहल बनी रही।
-1793540639584.webp)
पीटीआर के मुस्तफाबाद गेट पर रविवार को आयोजित उद्घाटन कार्यक्रम में वनमंत्री के साथ क्षेत्रीय विधायक बाबूराम पासवान, बरखेड़ा विधायक स्वामी प्रवक्तानंद, बीसलपुर विधायक विवेक वर्मा, प्रधान मुख्य वन संरक्षक सुनील चौधरी, प्रधान मुख्य वन संरक्षक वन्यजीव अनुराधा बैमूरी और एफडी पीपी सिंह, डीएफओ मनीष सिंह समेत वन विभाग के कई अधिकारी और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे।
सबसे पहले मुस्तफाबाद गेस्ट हाउस परिसर में हवन-पूजन किया गया। अतिथियों ने नारियल फोड़कर नए पर्यटन सत्र के सफल संचालन की कामना की। फिर वन मंत्री ने चूका बीच के लिए जाने वाले सफारी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।

कुछ देर बाद वह स्वयं भी सफारी पर निकल पड़े और जंगल के प्राकृतिक वातावरण का आनंद लिया। नए सत्र के शुभारंभ के साथ ही पर्यटकों के लिए सफारी का रास्ता खुल गया।
अब पर्यटक निर्धारित व्यवस्था के तहत प्रतिदिन जंगल की सैर कर सकेंगे। पर्यटन सत्र शुरू होते ही चूका बीच एक बार फिर पर्यटकों की चहल-पहल से गुलजार हो उठा।

यहां पहुंचे पर्यटकों में प्राकृतिक सौंदर्य को निहारने के साथ यादगार पलों को कैमरे में कैद करने का उत्साह नजर आया। कोई वाटर हट के आसपास खड़े होकर मनमोहक नजारे देख रहा था तो कोई ट्री हट के सामने खड़े होकर फोटो खिंचवाने में व्यस्त दिखाई दिया।
शारदा सागर डैम में वोटिंग के लिए बनाए गए जेटी पर भी पर्यटक मौज-मस्ती करते नजर आए। नए पर्यटन सत्र के पहले दिन विभिन्न स्कूलों से पहुंचे छात्र-छात्राओं ने भी सफारी के जरिए जंगल की सैर की।

परिसर में दिनभर सैलानियों की आवाजाही बनी रही। पर्यटकों के लिए सफारी और हटों के किराये में कोई बढ़ोतरी नहीं की गई। पिछले वर्ष से निर्धारित धनराशि के आधार पर ही पर्यटकों को सफारी और हटों की सुविधा मिलेगी। सोमवार से पर्यटक बुकिंग कर जंगल की सैर कर सकेंगे।
एकीकृत बुकिंग पोर्टल का हुआ लोकार्पण
पर्यटन सत्र के शुभारंभ पर मुख्य अतिथि वन मंत्री डाॅ. अरुण कुमार सक्सेना ने प्रदेश के सभी टाइगर रिजर्व के लिए बनाए गए एकीकृत बुकिंग पोर्टल का विधिवत लोकार्पण किया।
इस नई व्यवस्था से अब पर्यटक एक ही पोर्टल के जरिए पीटीआर सहित प्रदेश के चारों टाइगर रिजर्व में सफारी की आनलाइन बुकिंग घर बैठे आसानी से कर सकेंगे।
इससे सफारी बुकिंग प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता आएगी और सैलानियों को प्रवेश द्वारों की भागदौड़ से मुक्ति मिलेगी। वहीं, इस दौरान ईडीसी पर बनाई गई लघु फिल्म का प्रसारण भी किया गया।
यह भी पढ़ें- पीलीभीत टाइगर रिजर्व के 3 गेट और उनकी अनोखी कहानी: जानिए किस रास्ते से दिखेगा बाघ और कौन सा गेट आपके लिए है बेस्ट
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।