रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बढ़ा बाघों का कुनबा, नन्हे शावक के साथ नजर आई टी-93 बाघिन
रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघिन टी-93 अपने एक शावक के साथ नजर आई है, जिससे बाघों का कुनबा बढ़ गया है।

नन्हे शावक के साथ देखी गई बाघिन। (फाइल फोटो।)
HighLights
रणथंभौर में बाघिन टी-93 एक शावक के साथ नजर आई।
यह बाघिन टी-93 का तीसरा प्रसव है, खुशी का माहौल।
शावकों की सही संख्या जानने को फोटो ट्रैप लगेंगे।
जागरण संवाददाता, जयपुर। राजस्थान के सवाईमाधोपुर जिले में स्थित रणथंभौर टाइगर रिजर्व में बाघिन टी-93 अपने एक शावक के साथ नजर आई। जंगल में लगे कैमरों एवं वनकर्मियों की ट्रेकिंग में बाघिन के नन्हे शावक के साथ नजर आने की पुष्टि हुई है।
रणथंभौर के डीएफओ मानस सिंह ने बताया कि लाहपुर वनक्षेत्र में बाघिन टी-93 अपने एक नन्हे शावक के साथ दिखाई दी है। बाघिन टी-93 का यह तीसरा प्रसव है।
डीएफओ के अनुसार, प्रारंभिक तौर पर बाघिन के साथ एक शावक दिखाई दिया है, लेकिन शावकों की वास्तविक संख्या इससे अधिक भी हो सकती है। इसकी पुष्टि के लिए वन विभाग की ओर से संबंधित वनक्षेत्र में फोटो ट्रैप कैमरे लगाए जा रहे हैं। कैमरों में कैद तस्वीरों के विश्लेषण के बाद ही शावकों की सही संख्या स्पष्ट हो सकेगी।