VTR से बंगाल भेजी गई बाघिन 28 दिन बाद लापता, बक्सा टाइगर रिजर्व के कर्मियों के उड़े होश
Buxa Tiger Reserve News: वाल्मीकि टाइगर रिजर्व से बक्सा भेजी गई बाघिन 28 दिनों से लापता है, उसके रेडियो कॉलर ...और पढ़ें
-1793442476417_m.webp)
बाघिन के भटककर असम के रायमोना नेशनल पार्क में जाने की संभावना है।
HighLights
VTR से बक्सा भेजी गई बाघिन 28 दिन से लापता।
रेडियो कॉलर का सिग्नल नहीं मिल रहा, चिंता बढ़ी।
असम के रायमोना नेशनल पार्क में तलाश जारी।
जागरण संवाददाता, बेतिया (पश्चिमी चंपारण)। VTR Tigress Missing Buxa: पश्चिम बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व में परिवार बढ़ाने के लिए वाल्मीकि टाइगर रिजर्व(VTR) से भेजी गई बाघिन महज 28 दिनों में वहां से लापता हो गई है।
उसमें लगा सेटेलाइट रेडियो कालर का सिग्नल भी नहीं मिल रहा है। बाघिन के भटककर असम के रायमोना नेशनल पार्क में जाने की संभावना है।
वनकर्मियों की टीम लगी
हालांकि बाघिन का लोकेशन ट्रेस करने के लिए बंगाल और असम के वनकर्मियों की टीम लगी हुई है। बाघिन के भटकने की सूचना वीटीआर प्रशासन को भी मिली है।
बता दें कि बीते दो अक्टूबर को वीटीआर की बाघिन बक्सा के जंगल में छोड़ा गया था। बक्सा के जंगल से निकलकर वीटीआर की बाघिन करीब 390 वर्ग किमी सफर तय करने के बाद असम के रायमोना नेशनल पार्क के आसपास पहुंचने के बाद अचानक लापता हो गई है।
कालर से सिग्नल मिलना बंद
सबसे चिंताजनक बात यह है कि उसके गले में लगाए गए सेटेलाइट रेडियो कालर से भी सिग्नल मिलना बंद हो गया है। अनुमान है कि बाघिन किसी ऐसे क्षेत्र में चली गई होगी, जहां रेडियो कालर का सिग्नल नहीं मिल पा रहा है।
बताया जाता है कि 30 अक्टूबर को बाघिन के रायमोना नेशनल पार्क के आसपास पहुंचने का सिग्नल मिला था। उसके बाद रेडियो कालर नो सिग्नल में है। जानकार बताते हैं कि रायमोना नेशनल पार्क में पहले से छह बाघ मौजूद हैं।
घने जंगल में नहीं मिलता सिग्नल
वाइल्ड लाइफ ट्रस्ट आफ इंडिया के संरक्षण प्रमुख डॉ समीर कुमार सिन्हा का कहना है कि कभी कभी रेडियो कालर में इस तरह की समस्या आ जाती है। संभव है कि बाघिन घने जंगल में चली गई हो।
घने जंगल में जाने के बाद सिग्नल कमजोर हो जाता है। उनका कहना है कि इतना जल्दी रेडियो कालर की बैट्री डिस्चार्ज नहीं होती है।
अगर अधिक समय तक सिग्नल नहीं मिलता है तो चिंता की बात है। क्योंकि बाघिन भोजन एवं पानी के लिए घने जंगल से बाहर अवश्य निकलेगी और उस वक्त सिग्नल मिलने लगेगा।
बक्सा और रायमोना का जुड़ाव
बंगाल के बक्सा टाइगर रिजर्व और असम के रायमोना टाइगर रिजर्व की भौगोलिक संरचना , वीटीआर और नेपाल के चितवन नेशनल पार्क की तरह है।
दोनों एक-दूसरे से सटे हैं। वन्यजीवों का आना-जाना लगा रहता है। वहां वनों के पैच वीटीआर से भी अधिक हैं और एक-दूसरे से जुड़े हुए हैं।
वीटीआर के क्षेत्र निदेशक गौरव ओझा ने बताया कि बंगाल और असम के शीर्ष वन अधिकारी भटकी बाघिन को लोकेट करने में लगे हैं। कभी-कभी शैडो क्षेत्र में जाने के कारण रेडियो कालर का सिग्नल नहीं मिलता। रेंज में आते ही बाघिन को निश्चित रूप से लोकेट किया जा सकेगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।