AI से रामलीला का वीडियो एडिट कर रंगदारी मांगने के मामले में 4 यूट्यूबराें के खिलाफ मुकदमा, बिजनौर पुलिस ने दो को दबोचा
Bijnor News: बिजनौर में रामलीला के पुराने वीडियो को AI से एडिट कर वायरल करने की धमकी देकर रंगदारी मांगने ...और पढ़ें

प्रतीकात्मक फोटो
HighLights
रामलीला मंच पर अश्लील नृत्य का वीडियो एडिट कर रुपये मांगने का आरोप।
एक आरोपित के पास से मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये बरामद।
संवाद सूत्र, कोतवाली देहात (बिजनौर)। गांव पेहरुवाला में रामलीला मंचन से जुड़े एक पुराने वीडियो को एआई की मदद से एडिट कर वायरल करने की धमकी देकर एक लाख की रंगदारी मांगने के मामले में पुलिस ने चार यूट्यूबर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
पुलिस ने दो आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया। उन्हें कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया है। उधर, कार्रवाई होने पर गांव में बुधवार रात को रामलीला का मंचन शुरू हो गया है।
गांव पेहरुवाला के ग्रामीण और रामलीला कमेटी के पदाधिकारियों ने मंगलवार को एसपी कार्यालय पहुंचकर आरोप लगाया था कि रामलीला मंचन के दौरान पुलिस ने महिलाओं के वेश में हो रहा युवकों का नृत्य भी रूकवा दिया। ग्रामीणों का कहना है कि दो साल पुरानी वीडियो को एआई के माध्यम से एडिट कर वायरल किया गया है।
कमेटी के पदाधिकारियों ने मंगलवार रात रामलीला मंचन के लिए लगाया गया मंच को ही उखाड़ दिया था। रामलीला मंचन को पूरा करने से इनकार कर दिया था। उधर, बुधवार रात पुलिस ने फर्जी वीडियो वायरल करने के मामले में गांव पेहरूवाला निवासी खिलेंद्र सिंह की तहरीर पर चार यूट्यूबर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है।
यह भी पढ़ें- बिजनौर में दिल दहलाने वाला मामला: कार से युवक को टक्कर मारकर 40 मीटर तक घसीटा, मौके पर मौत
पुलिस ने गांव रतनगढ़ निवासी अमन त्यागी व गांव तंगरौला निवासी शादाब उर्फ शाहिद को गिरफ्तार किया है। आरोपित के पास से मोबाइल फोन और 30 हजार रुपये बरामद किए हैं। गांव मुस्सेपुर ढल्ला अहीर निवासी संजीव व जिला रामपुर के गांव टांडा निवासी रिजवान फरार हैं।
यह भी पढ़ें- बिजनौर पुलिस में बड़ा फेरबदल: 31 पुलिसकर्मियों के कार्यक्षेत्र बदले, तीन थाना प्रभारी लाइन हाजिर
पुलिस लाइन में आयोजित प्रेस वार्ता में एएसपी देहात गौतम राय ने बताया कि आरोपितों ने वीडियो वायरल न करने पर रामलीला कमेटी से एक लाख रुपये की मांग की थी। कमेटी ने 20 हजार रुपये उन्हें दे दिए थे। शेष 30 हजार रुपये बाद में देना तय हुआ था।
मांग पूरी नहीं होने पर एडिट किया गया वीडियो पत्रकारों के ग्रुप, सोशल मीडिया और पुलिस अधिकारियों को भेजकर दबाव बनाने की कोशिश की थी। थाना प्रभारी सुनील सहरावत ने बताया कि अन्य आरोपितों की तलाश की जा रही है।
