सात समंदर पार जा पहुंचा ‘बिजनौर वुड्स’ का जलवा, दो साल में नीम की कंघी की एक कराेड़ यूनिट बिकी
नीम की लकड़ी से बनी 'बिजनौर वुड्स' कंघियों ने अमेरिका, यूरोप और खाड़ी देशों तक अपनी पहचान बनाई है। पिछले दो सालों में इनकी एक करोड़ से अधिक इकाइयां बिक चुकी हैं, जिससे स्थानीय कारीगरों को लगातार काम मिल रहा है।

नगीना में नीम की लकड़ी से कंघी बनाता कारीगर। जागरण
जागरण संवाददाता, बिजनौर। अमेरिका को काष्ठकला के उत्पादों का निर्यात भले ही कम हुआ हो, लेकिन देश में छोटे-छोटे उत्पादों के बड़े ऑर्डर मिल रहे हैं। नगीना में नीम की लकड़ी से बनी कंघियों की मांग तेजी से बढ़ी है। डेढ़ से दो वर्ष में एक करोड़ से अधिक कंघियां बिक चुकी हैं और कारीगर अब भी इन्हें बनाने में जुटे हैं।
काष्ठकला के उत्पाद अमेरिका, यूरोप और खाड़ी देशों में निर्यात किए जाते हैं। नीति आयोग की पहल पर जिले में बनने वाले इन उत्पादों को अब ‘बिजनौर वुड्स’ नाम दिया गया है। इससे विदेशों में भी बिजनौर की पहचान स्थापित हो रही है।
कोतवाली देहात ब्लाक में बड़ी संख्या में महिलाएं काष्ठकला से जुड़ी हैं। फिलहाल अमेरिका से भारत को इसके ऑर्डर नहीं मिल रहे हैं, इसलिए उद्यमी स्थानीय मांग के अनुसार उत्पाद तैयार कर रहे हैं। दीपावली पर लकड़ी के गिफ्ट आइटम बनाए गए थे।
नीम की लकड़ी से कंघियां बननी शुरू हुईं तो उपभोक्ताओं ने उन्हें खूब पसंद किया। कुछ कंपनियों ने भी इनमें रुचि लेकर कारोबारियों को ऑर्डर दिए। अनुमान है कि कारीगरों की बनाई करीब एक करोड़ कंघियां डेढ़ से दो वर्ष में बिक चुकी हैं। कई उद्यमी अब भी इन्हें बना रहे हैं।
नीम की लकड़ी की कंघी के फायदे
प्लास्टिक की तुलना में लकड़ी से स्टैटिक चार्ज कम बनता है, जिससे बाल कम रूखे या बिखरे लग सकते हैं। कंघी करने से स्कैल्प का प्राकृतिक तेल यानी सीबम बालों की लंबाई में बेहतर फैल सकता है और रूखापन घट सकता है।
नीम की लकड़ी में प्राकृतिक जीवाणुरोधी और कवकनाशी गुण माने जाते हैं, जो कंघी को साफ रखने और स्कैल्प को कोमलता देने में सहायक हो सकते हैं।
पिछले डेढ़-दो साल में नीम की लकड़ी की कंघियों के बहुत ऑर्डर मिले हैं। मैंने ही पांच लाख से अधिक कंघियां बनाई हैं। एक कंघी 25 से 30 रुपये में बिकी। इन ऑर्डर से कारीगरों को लगातार काम मिलता रहा।
-इरशाद मुल्तानी, अध्यक्ष, नगीना हैंडीक्राफ्ट एसोसिएशन।
नगीना की काष्ठकला के उत्पाद हाथ की नक्काशी के नायाब नमूने हैं। कारोबारी धीरे-धीरे स्थानीय मांग के अनुसार माल बना रहे हैं और उन्हें वहां ऑर्डर भी मिल रहे हैं।
-अमित कुमार, उपायुक्त उद्योग।
यह भी पढ़ें- एक पाइप के भरोसे गंगा मेले को जाने वाला रास्ता, प्रशासनिक उपेक्षा से बिजनौर के पुराने गंगा स्नान मेले की रौनक फीकी
यह भी पढ़ें- बाजार में नए-पुराने दोनों आलू की बंपर आवक, दाम गिरने से बिजनौर के किसानों को भारी नुकसान
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।