विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ट्रैक्टर से कुचलकर 3 लोगों के कत्ल के बाद दहला बिजनौर, बुलडोजर कार्रवाई की मांग को लेकर ग्रामीणों ने लगाया जाम 

By Sachin Sharma Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Thu, 08 Oct 2026 02:19 PM (IST)

Bijnor News: बिजनौर के जमालुद्दीनपुर गांव में ट्रैक्टर से कुचलकर तीन ग्रामीणों की मौत के बाद उनके स्वजनों ने सड़क ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. मृतकों के स्वजन ने दतियाना-चांदपुर मार्ग पर लगाया जाम।

  2. डीआईजी व एसपी मौके पर पहुंचे, आरोपित चालक हिरासत में। 

संवाद सूत्र, जलीलपुर (बिजनौर)। गांव जमालुद्दीनपुर में ट्रैक्टर चालक द्वारा तीन ग्रामीणों को कुचलकर मौत के घाट उतारने के मामले में गुरुवार को उनके स्वजन सड़क पर उतर आए। बड़ी संख्या में दतियाना-चांदपुर मार्ग पर पहुंचीं महिलाओं व पुरुषों ने हंगामा करते हुए जाम लगा दिया।

उधर, तनाव की स्थिति को देखते हुए पुलिस भी गांव में तैनात कर दी गई। जाम की सूचना पर एसपी मौके पर पहुंचे और कार्रवाई का आश्वासन दिया। मृतकों के स्वजन ने आरोपितों के घर पर बुलडोजर चलाने की मांग की।

यह है मामला

गांव जमालुद्दीनपुर निवासी छोटू पुत्र हरि सिंह गांव दतियाना में शराब की दुकान के निकट पकौड़े का ठेला लगाता है। बुधवार रात करीब नौ बजे किसी बात को लेकर दतियाना के एक ग्रामीण से छोटू का झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इस पर दतियाना के ग्रामीण ने फोन कर स्वजन को बुला लिया।

बताया जा रहा है कि स्वजन के साथ ट्रैक्टर लेकर पहुंचे व्यक्ति ने वहां खड़े तीन लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उन्हें कुचल दिया। वहां मौजूद जमालुद्दीनपुर निवासी महेंद्र सिंह पुत्र प्रकाश, उदय पुत्र कलवा और बाबू पुत्र खुशीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। ग्रामीणों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक भी घायल हुआ लेकिन वह ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घायलों को इलाज के लिए सीएचसी स्याऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उदय और बाबू को मृत घोषित कर दिया। स्वजन महेंद्र को गंभीर हालत में मुरादाबाद लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। रात में सीएचसी पर हंगामा हुआ।

दतियाना चांदपुर मार्ग पर लगाया जाम

गुरुवार सुबह के समय मृतक के परिवार की महिलाएं व अन्य ग्रामीण दतियाना चांदपुर मार्ग पर एकत्र हुए और जाम लगा दिया। कोतवाली पुलिस ने उन्हें समझाने का प्रयास किया, लेकिन वह नहीं माने। सूचना पर एसपी केके विश्नोई भी वहां पहुंचे और जाम लगा रहे ग्रामीणों से वार्ता की। लेकिन उन्होेंने आरोपितों पर तत्काल कार्रवाई व उनके घरों पर बुलडोजर चलाने की मांग की।

यह भी पढ़ें- बिजनौर में शराब की दुकान के पास विवाद के बाद हैवानियत, ट्रैक्टर से कुचलकर 3 ग्रामीणों की हत्या; गांव में भारी तनाव

कुछ देर बाद एसपी के आश्वासन पर जाम खोल दिया गया। उधर, दोपहर में डीआईजी मुनिराज जी भी घटना स्थल पहुंचे और मृतकों के स्वजन से वार्ता की। साथ ही उन्हें कड़ी से कड़ी कार्रवाई का आश्वासन दिया। सीओ देश दीपक सिंह ने बताया कि चालक को हिरासत में लिया गया है। वहीं, मामले में मुकदमे की कार्रवाई की जा रही है। हालांकि, अभी शवों के आने का इंतजार किया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- सांप के डसने का ड्रामा फेल: पति की हत्या करने के बाद चारपाई पर सांप छोड़ने वाली पत्नी और प्रेमी दोषी करार