विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बिजनौर में शराब की दुकान के पास विवाद के बाद हैवानियत, ट्रैक्टर से कुचलकर 3 ग्रामीणों की हत्या; गांव में भारी तनाव

Published: Thu, 08 Oct 2026 12:25 AM (IST)

बिजनौर के दतियाना गांव में शराब की दुकान के पास हुए विवाद में एक व्यक्ति ने ट्रैक्टर से कुचलकर तीन ...और पढ़ें

News Article Hero Image

संवाद सूत्र, जलीलपुर (बिजनौर)। गांव दतियाना में शराब की दुकान के निकट हुए विवाद के दौरान एक पक्ष से आए व्यक्ति ने ट्रैक्टर चढ़ाकर तीन लोगों को मौत के घाट उतार दिया। घटना की सूचना पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंच गए। घायल होने के बाद भी चालक ट्रैक्टर छोड़कर भाग निकला। कार्रवाई की मांग को लेकर स्वजन व ग्रामीणों ने देर रात तक हंगामा किया।

गांव जमालुद्दीनपुर निवासी छोटू पुत्र हरि सिंह गांव दतियाना में शराब की दुकान के निकट पकौड़े का ठेला लगाता है। बुधवार रात करीब नौ बजे किसी बात को लेकर दतियाना के एक ग्रामीण से छोटू का झगड़ा हो गया। देखते ही देखते दोनों पक्षों में मारपीट होने लगी। इस पर दतियाना के ग्रामीण ने फोन कर स्वजन को बुला लिया।

बताया जा रहा है कि स्वजन के साथ ट्रैक्टर लेकर पहुंचे व्यक्ति ने वहां खड़े तीन लोगों पर ट्रैक्टर चढ़ाकर उन्हें कुचल दिया। वहां मौजूद जमालुद्दीनपुर निवासी महेंद्र सिंह पुत्र प्रकाश, उदय पुत्र कलवा और बाबू पुत्र खुशीराम गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों के मुताबिक ट्रैक्टर चालक भी घायल हुआ लेकिन वह ट्रैक्टर छोड़कर मौके से फरार हो गया।

घायलों को इलाज के लिए सीएचसी स्याऊ ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उदय और बाबू को मृत घोषित कर दिया। स्वजन महेंद्र को गंभीर हालत में मुरादाबाद लेकर जा रहे थे लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। पुलिस ने महेंद्र का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजने का प्रयास किया तो ग्रामीणों ने चालक की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा कर दिया।

कोतवाली प्रभारी व सीओ देश दीपक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीएम प्रशांत वर्मा ने अस्पताल पहुंच गए। सीओ ने बताया कि मामले की जांच के साथ ही ट्रैक्टर चालक की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बिजनौर: खनन कारोबार में साझीदार बनाने के नाम पर 35 लाख रुपये हड़पे, अन्‍य मामले में युवक के खाते से 6.30 लाख साफ