Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    Bijnor News: पालिका का होगा सीमा विस्तार, 14 ग्राम पंचायतें होंगी शामिल; गृहकर व जलकर से राजस्व में वृद्धि!

    धामपुर नगरपालिका क्षेत्र के सीमा विस्तार का प्रस्ताव पारित हो गया है। नगरपालिका बोर्ड ने 14 ग्राम पंचायतों को शामिल करने का प्रस्ताव राजस्व विभाग को भेजा है जिसमें से 7 आंशिक रूप से शामिल हैं। सीमा विस्तार से पालिका को गृहकर व जलकर से राजस्व में वृद्धि होगी। एसडीएम ने संयुक्त बैठक बुलाकर आगे की कार्रवाई की बात कही है।

    By Rahul Shyam Edited By: Abhishek Saxena Updated: Sat, 07 Jun 2025 01:47 PM (IST)
    Hero Image
    पालिका का होगा सीमा विस्तार, 14 ग्राम पंचायतें होंगी शामिल

    संवाद सहयोगी, जागरण धामपुर। नगर पालिका क्षेत्र के सीमा विस्तार को लेकर पिछले काफी समय से विचार-विमर्श व प्रक्रिया चल रही है। अब नगर पालिका ने बोर्ड की बैठक में राजस्व विभाग की ग्राम पंचायतों को शामिल करने के लिए प्रस्ताव पास करके स्वीकृति पत्र राजस्व विभाग को भेज दिया है। इसमें नगर के आसपास की 14 ग्राम पंचायतों को शामिल किया गया है, जिनमें से सात आंशिक शामिल हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    नगर पालिका क्षेत्र के सीमा विस्तार को लेकर पिछले पालिका बोर्ड से प्रक्रिया चल रही है। पिछले बोर्ड में तत्कालीन चेयरमैन राजू गुप्ता ने भी शासन को फाइल भेजी थी, लेकिन वह किसी कारणवश स्वीकृत नहीं हो सकी थी। अब वर्तमान बोर्ड में चेयरमैन चौधरी रवि कुमार सिंह के कार्यकाल में फिर से इस पर विचार किया गया है। जिसके लिए पालिका बोर्ड की इस वर्ष 17 मई की बैठक में प्रस्ताव रखा गया था, जिसे सर्वसम्मति से स्वीकृति मिल गई है। पालिका की ओर से अब एसडीएम धामपुर के नाम राजस्व विभाग को स्वीकृति पत्र तीन दिन पहले भेज दिया गया है।

    सीमा विस्तार से पालिका को मिलेगा लाभ 

    पालिका क्षेत्र में विस्तार होने से जहां पालिका प्रशासन का कार्य बढ़ जाएगा, वहीं उसे लाभ भी मिलेगा। पालिका को गृहकर व जलकर की अधिक प्राप्ति होगी, जिससे उसका राजस्व बढ़ेगा। ईओ रवि शंकर शुक्ला का कहना है कि पालिका विस्तार से पालिका का राजस्व बढ़ने से लाभ होगा, वहीं सफाई आदि का कार्य बढ़ने पर अतिरिक्त व्यवस्था की जाएगी।

    सूची में 14 पंचायतें, सात आंशिक 

    एसडीएम को भेजी सूची में नगर के आसपास की कुल 14 राजस्व पंचायतें शामिल हैं, जिनमें से सात पंचायतों को पूर्ण रूप से शामिल करने का प्रस्ताव है, वहीं सात को आंशिक रूप से शामिल करने पर विचार किया गया है। आंशिक से तात्पर्य ग्राम पंचायतों का कुछ भाग ही नगर पालिका में आएगा। सूची निम्न प्रकार है :

    प्रस्तावित पूर्ण पंचायतें 

    • दित्तनपुर
    • अलावलपुर
    • धामपुर हुसैनपुर ग्रामीण
    • नंगला गूंगा
    • फतेहउल्लापुर खास
    • रामपुर भोला
    • नबादा देवली

    प्रस्तावित आंशिक पंचायतें 

    • अल्हैपुर
    • मानपुर रज्जा
    • चक सहजानी
    • गजुपुरा
    • बमनौली
    • मोहड़ा
    • मौज्जमपुर जैतरा

    नगर पालिका की ओर से राजस्व पंचायतों को शामिल करने का पत्र प्राप्त हुआ है। अगले सप्ताह नगर पालिका, राजस्व विभाग और ब्लॉक आदि संयुक्त बैठक बुलाई गई है। इसमें विचार विमर्श के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। पंचायतों के क्षेत्रफल, नक्शा, दिशा, गांटा संख्या आदि बिंदुओं पर कार्य के लिए लेखपालों को निर्देश दिए जाएंगे।  रितु रानी, एसडीएम, धामपुर।