बाॅलीवुड अभिनेता मुश्ताक खान अपहरण कांड : गैंग्स्टर के दो आरोपित गिरफ्तार, सरगना ने किया सरेंडर
Bijnor News : बिजनौर पुलिस ने बॉलीवुड अभिनेता मुश्ताक खान के अपहरण कांड में दो आरोपितों को गिरफ्तार किया है। ...और पढ़ें

अभिनेता मुश्ताक खान का फाइल फोटो और पुलिस गिरफ्त में आरोपित
HighLights
मुश्ताक से की गई थी 2.20 लाख रुपये की वसूली।
इसी गिरोह ने किया था कामेडियन सुनील पाल का अपहरण।
जागरण संवाददाता, बिजनौर। बाॅलीवुड अभिनेता मुश्ताक खान के अपहरण कांड में गैंग्स्टर के दो आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपितों को कोर्ट में पेश किया गया जहां से जेल भेज दिया गया। वहीं गिरोह के सरगना सुशांत उर्फ लवी पाल ने कोर्ट में शुक्रवार दोपहर को आत्मसमर्पण कर दिया। एक आरोपित गाजियाबाद निवासी शशांक अभी फरार है।
अपहरण और वसूली का है मामला
अभिनेता मुश्ताक खान का इवेंट के नाम पर 20 नवंबर 2024 को अपहरण किया गया था। उसे नई बस्ती में गिरोह के सरगना सुशांत उर्फ लवी के मकान में रखकर 2.20 लाख रुपये की वसूली की गई थी। मुश्ताक ने शहर कोतवाली में मुकदमा दर्ज कराया था। इसी गिरोह ने दो दिसंबर 2024 को कामेडियन सुनील पाल का अपहरण कर उनसे वसूली की थी।
पूर्व में भी हुईं गिरफ्तारियां
सुनील पाल की पत्नी ओर से मेरठ के थाना लालकुर्ती में मुकदमा दर्ज कराया गया था। बिजनौर पुलिस ने घटना का राजफाश करते हुए नौ आरोपितों को जेल भेजा था, जबकि एक को मेरठ पुलिस ने भेजा था। इस प्रकरण में शहर कोतवाल रामप्रताप ने घटना में शामिल सभी 10 आरोपित नई बस्ती निवासी सुशांत उर्फ लवी पाल उर्फ हिमांशु व आकाश गोला, सार्थक चौधरी उर्फ रिक्की, अंकित पहाड़ी, अर्जुन कर्णवाल, अजीम अहमद, साबुद्दीन उर्फ सैबी, शिवम व शिवा तथा गाजियाबाद निवासी शशांक के खिलाफ गैंग्स्टर का मुकदमा दर्ज कराया था।
यह भी पढ़ें- व्यापारी के परिवार को बेहोश कर दो करोड़ की चोरी के मामले में हैरान करने वाला राजफाश, दामाद के खिलाफ मुकदमा दर्ज
अब तक नौ आरोपित भेजे जा चुके हैं जेल
पुलिस ने अर्जुन कर्णवाल, शुभम, आकाश, साबुद्दीन को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। शिवा व अजीम ने कोर्ट में आत्मसमर्पण किया था। गुरुवार रात पुलिस ने सार्थक चौधरी व अंकित पहाड़ी को गिरफ्तार किया। विवेचक मंडावर थानाध्यक्ष सुमित राठी ने बताया कि अब तक नौ आरोपित जेल भेजे जा चुके हैं। शशांक की तलाश की जा रही है।
