विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

व्यापारी के परिवार को बेहोश कर दो करोड़ की चोरी के मामले में हैरान करने वाला राजफाश, दामाद के खि‍लाफ मुकदमा दर्ज

By Rahul Shyam Edited By: Praveen Vashishtha
Published: Sat, 28 Feb 2026 06:12 AM (IST)

Bijnor News : बिजनौर के नहटौर में एक सराफा व्यापारी के घर लगभग दो करोड़ रुपये के जेवर और नकदी चोरी का मामला सामने आया है।

News Article Hero Image

HighLights

  1. दामाद ने परिवार को नशीला पदार्थ खिलाकर की चोरी।

  2. बि‍जनौर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर शुरू की जांच।

संवाद सूत्र, नहटौर (बि‍जनौर)। नहटौर के मुहल्ला कैथला में सराफा व्यापारी व उनकी पत्नी व बेटी को बेहोश कर जेवर व नगदी लेकर फरार हुए दामाद के खिलाफ पुलिस ने व्यापारी की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। वहीं एसओजी व थाने की दो टीम गठित की गई हैं, टीमें फरार दामाद की तलाश में जुटी हैं। घर में लगभग दो करोड़ की चोरी होने का दावा किया है।

कैथला निवासी संतोष वर्मा अपनी इकलौती मुख बधिर बेटी स्वाति व पत्नी रंजना देवी के साथ रहते हैं। उन्होंने बेटी की शादी आठ अक्टूबर 2024 को हल्दौर थाना क्षेत्र के गांव कुम्हारपुरा निवासी नवीन कुमार के साथ की थी। नवीन घर जमाई के रूप में उनके साथ रही रहता था। लेकिन उसका चाल-चलन ठीक ना होने से उसे कुछ माह पहले घर से निकाल दिया था।

आठ दिन पहले उसने वापस आकर माफी मांग ली थी, जिसके बाद व्यापारी ने उसे घर में रख लिया था। लेकिन दामाद ने बुधवार रात तीनों को नशीला पदार्थ खिला दिया था और घर से नगदी व सोना-चांदी के जेवरात लेकर फरार हो गया था। गुरुवार सुबह नींद खुलने पर परिवार को घटना का पता लग सका।

इस मामले में सराफा व्यापारी संतोष वर्मा ने पुलिस को दामाद नवीन के खिलाफ तहरीर दी है। जिसमें उन्होंने एक लाख रुपए नगद, 900 ग्राम सोना व 40 किलो चांदी व जेवरात ले जाने का आरोप लगाया है। उन्होंने लगभग दो करोड़ की चोरी होने का दावा किया है।

सीओ अभय कुमार ने बताया कि व्यापारी की तहरीर पर आरोपि‍त के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बिजनौर की एसओजी समेत थाने की दो टीमें को लगाया गया है। पुलिस की टीमें घर के आसपास व क्षेत्र के सीसीटीवी खंगालने में जुटी है। विभिन्न स्थानों पर छापेमारी की जा रही है।