Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'सपा का पीडीए फर्जी, गुंडा, माफियाओं को संरक्षण देने वाला'; अखिलेश यादव पर हमलावर हुए केशव प्रसाद मौर्य

    उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि अखिलेश यादव का पीडीए (पिछड़ा दलित अल्पसंख्यक) फर्जी है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह गुंडों माफियाओं और भ्रष्टाचारियों को संरक्षण देता है। मौर्य ने कांग्रेस और बसपा पर भी निशाना साधा और कहा कि सपा 2027 तक समाप्त हो जाएगी। उन्होंने भाजपा सरकार की उपलब्धियों और योजनाओं का बखान किया।

    By Jitendra Upadhyay Edited By: Abhishek Pandey Updated: Sun, 27 Apr 2025 06:29 PM (IST)
    Hero Image
    सपा का पीडीए फर्जी, गुंडा, माफियाओं को संरक्षण देने वाला : केशव मौर्य

    जागरण संवाददाता, भदोही। उप मुख्य मंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि सपाध्यक्ष अखिलेश यादव का पीडीए फर्जी है। यह परिवारवाद को बढ़ावा देने वाला, गुंडा माफियाओं व भ्रष्टाचारियाें को संरक्षण देने वाला है। गरीबों की जमीन पर कब्जा करने व मुस्लिमों को बढ़ावा देने व व्यापारियों से फिरौती लेने वाला वाला फार्मूला है। 2014 के पहले भी इसी पीडीए के बूते अखिलेश की सरकार बनी थी तब यह इसकी बात नहीं करते थे अब सत्ता से बाहर हैं तो वह पीडीए का राग अलाप रहे हैं।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    उन्होंने कांग्रेस और बसपा को भी आड़े हाथों लिया। कहा कि कांग्रेस और बसपा साफ हो चुकी है, सपा 2027 के चुनाव में समाप्त हो जाएगी। इन तीनों पार्टियों की राजनीति खत्म हो जाएगी। वह रविवार को किशुनदेवपुर गांव के रामलीला मैदान में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी व पूर्व एमएलसी बाबू पारसनाथ मौर्य की जन्मशताब्दी पर आयोजित गरीब दिवस कार्यक्रम में जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इसके पूर्व उन्होंने घनश्यामपुर में मौर्य की प्रतिमा का अनावरण किया, 110 परियोजनाओं का शिलान्यास, लोकार्पण किया।

    जनसभा में कहा कि अखिलेश सरकार में बिजली आती नहीं थी और भाजपा सरकार में बिजली जाती नहीं। 2014 में केंद्र भाजपा की सरकार बनी, जो आवास व योजनाएं केंद्र सरकार से प्रदेश के लिए आई उसे सपा सरकार ने लागू नहीं होने दिया। 2017 में जब से भाजपा सरकार आई है तब से अब तक आमूलचूल परिवर्तन हुआ है। हर गरीब को पीएम, सीएम आवास मिल गए, जो शेष हैं उन्हें भी मिलेंगे। 2047 तक देश विकसित हो जाएगा।

    हमारी सरकार भ्रष्टाचार नहीं करती बल्कि भ्रष्टाचारियों को सजा देती है। सपा वाले आजकल आंबेडकर की प्रतिमा लेकर घूमते हैं, इनकी सहयोगी कांग्रेस संविधान बचाने की बात करती है। पर यह वही कांग्रेस है जो आंबेडकर को संविधान सभा में भी नहीं आने देना चाहती थी। बाबा साहेब ने पांच साल में एक चुनाव की बात कही। भाजपा इस पर काम कर रही है। इस पर भी विपक्ष के पेट में दर्द हो रहा है।

    आतंकवाद के निबटारे को हो चुका निर्णय

    पहलगाम में हुइ आतंकी घटना पर को कायराना बताया। कहा कि आतंकवादियों ने धर्म पूछकर देश के लोगों की हत्या की है, यह किसी भी रूप में क्षम्य नहीं है। बोले पाकिस्तान को किस भाषा में समझाना है इसका निर्णय हो चुका है। अभी कुछ कहना ठीक नहीं है। पर यह सुखद है कि देश हित में सभी राजनीतिक दल एक हैं। इसके लिए वह धन्यवाद के पात्र हैं।

    आतंकी घटना से जम्मू का पर्यटन व्यापार भी प्रभावित हुआ है, यह वहां के लोगों को समझना होगा। इसके साथ ही भाजपा सरकार की उपलब्धियों, योजनाओं का बखान किया। कार्यक्रम संयोजक कुंवर प्रमोद चंद मौर्य के अलावा भाजपा जिलाध्यक्ष दीपक मिश्र, जिला पंचायत अध्यक्ष अनिरुद्ध त्रिपाठी, सांसद डा. विनोद बिंद, विधायक विपुल दुबे, विधायक दीनानाथ भास्कर समेत अन्य लोग थे।

    इसे भी पढ़ें: यूपी के लखनऊ में किशोरी से सामूहिक दुष्कर्म, पुलिस ने तीन को किया गिरफ्तार