गुनगुने पानी से करिए स्नान, पाइए दाद व खुजली से मुक्ति
जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) प्रदूषित वातावरण के बीच असंयमित खान-पान से तमाम बीमारियों
जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही) : प्रदूषित वातावरण के बीच असंयमित खान-पान से तमाम बीमारियों सहित दाद व खुजली से भी लोग परेशान हैं। शरीर को स्वस्थ व निरोग रखना चुनौती है। चर्म रोग से निजात के लिए जितना जरूरी नियमित उपचार है, उतना ही गुनगुने पानी से स्नान करना भी है। दैनिक जागरण कार्यालय में बुधवार को हैलो डाक्टर कार्यक्रम में पाठकों को कुछ यही टिप्स चर्म रोग विशेषज्ञ डा. सौम्या ओझा ने दिए। उन्होंने चेहरे की सुंदरता व अन्य समस्याओं को लेकर चितित लोगों को सटीक परामर्श भी दिया।
सवाल : चार माह से दाद की समस्या है। चेहरे व शरीर में दाने निकलते हैं, खुजली भी होती है। इलाज कराया लेकिन राहत नहीं मिली।
जवाब : अगर आप दाद से परेशान हैं तो नियमित उपचार कराएं। प्रतिदिन गुनगुने पानी से ही स्नान करें। साफ-सफाई रखें व स्नान के बाद शरीर जरूर सुखाएं। सतर्कता और विशेषज्ञ चिकित्सक की सलाह पर दवा का पूरा कोर्स करें। दवा बंद करने व सफाई में लापरवाही पर कीटाणु फिर से पनप जाते हैं। दिन भर में तीन से चार लीटर पानी जरूर पीएं। खान-पान में हरी सब्जी, सलाद व विटामिनयुक्त पदार्थों का ही प्रयोग करें।
सवाल : अक्सर मुंह में छाले पड़ने की समस्या है, क्या करें।
जवाब : शरीर की रक्षा प्रणाली से जुड़ी समस्या है। सुबह दो गिलास गर्म पानी का सेवन करें। हमेशा गुनगुना पानी पीने का ही प्रयास करें। दो मौसम के संधिकाल में स्वास्थ्य को लेकर विशेष सावधानी बरतें। छाले से राहत मिलेगी।
सवाल : गैस व कब्ज की समस्या से परेशान हूं।
जवाब : हर व्यक्ति की अधिकांश बीमारी पेट से जुड़ी होती है। अगर पेट निरोगी है तो इंसान बहुत कम बीमार होता है। सुबह गुनगुने पानी का सेवन करने से कब्ज व गैस की समस्या दूर होती है।
सवाल : बांझपन से मानसिक चिता बहुत है। अल्ट्रासाउंड कराने पर चिकित्सक ने बताया कि बच्चेदानी में सूजन है। उपचार सुझाएं।
जवाब : विशेषज्ञ चिकित्सक से इलाज कराएं। अल्ट्रासाउंड जरूर कराएं। पता चलेगा कि दवा से सूजन कम हो रहा है कि नहीं। बांझपन की दिक्कत का इलाज ही सही उपाय है। चिकित्सक की सलाह पर सभी तरह की जरूरी जांच व उपचार कराएं। समस्या का जरूर समाधान होगा।
सवाल : रात में नींद कम आती है। घबराहट होती है।
जवाब : किसी तरह के तनाव और ब्लड प्रेशर के चलते ऐसी दिक्कत आती है। बीपी की जांच कराएं। तनाव मुक्त रहने की कोशिश करें। नींद की दवा लेने से बचें। ज्यादा दिक्कत हो तो चिकित्सक की सलाह लें।
सवाल : आंखों के नीचे काले धब्बे हैं। कैसे दूर होगा।
जवाब : सबसे जरूरी है तनाव मुक्त रहना और पूरी नींद सोना। अगर सोते समय तनाव में रहेंगे तो नींद नहीं आएगी। नींद पूरी न होने से आंखों के नीचे काले घेरे पड़ने लगेंगे। अगर काला घेरा हो चुका है तो पानी का सेवन व पौष्टिक आहार का सेवन करने से चेहरा साफ हो जाएगा और ताजगी बरकरार रहेगी। इन्होंने किए सवाल : जितेंद्र मिश्र सरईं मिश्रानी, रोहित यादव नई बाजार, अशोक कुमार श्रीवास्तव फत्तूपुर, विजय लाल यादव मनीपुर इटहरा, अनिरुद्ध दुबे बभनौटी, रविशंकर नई बाजार, रामफेरन शास्त्री जंगीगंज, पंकज भदोही, चंद्रकला देवी बभनौटी, मनीषा बंजारी व आशा जायसवाल निवासी खमरिया भदोही।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।