विवाह की रस्में शुरू होते ही बिगड़ी बात, बिना दुल्हन के लौट गई बरात… सदमे में आ गया पूरा परिवार
भदोही के कोइरौना थाना क्षेत्र में दहेज की मांग को लेकर विवाद हो गया। मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शादी के बाद सामाजिक रीति-रिवाजों के लिए आई बारात दहेज की मांग पूरी न होने पर वापस लौट गई। इससे नाराज दुल्हन पक्ष ने दूल्हे को बंधक बना लिया। बारात लौटने के सदमे से दुल्हन की बड़ी मां की मौत हो गई। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

जागरण संवाददाता, भदोही। पहले मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत शादी रचाई। फिर सामाजिक परंपरा के निर्वहन को लेकर बुलाई गई बरात में बात बिगड़ी तो बरात बगैर दुल्हन के लौट गई। नाराज वधू पक्ष ने दूल्हे को बंधक बना लिया। रात्रि के विवाद व बरात लौटने के सदमे से दुल्हन की बड़ी मां की मौत हो गई। इससे पूरा परिवार सदमे में आ गया।
कोइरौना थाना के एक गांव निवासी दुल्हन की शादी 23 जनवरी 2025 को सीतामढ़ी के 25 वर्षीय शिवमणि के साथ मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत आयोजित समारोह में डीघ ब्लाक सभागार में हुई थी।
उस दौरान दूल्हे के स्वजन ने पारंपरिक रीति रिवाज से जल्द विवाह करने के बात कहकर दुल्हन को ले जाने के लिए कहा था। इससे दुल्हन की विदाई नहीं की गई थी। दोनों पक्षों की सहमति से सामाजिक परंपरा के निर्वाह के लिए गुरुवार को धूमधाम से गांव में बारात आई।
बारात आने के बाद लड़की पक्ष की ओर से बरातियों का स्वागत सत्कार किया गया, आरोप है कि इसी बीच दूल्हे के पिता ने अचानक दहेज की अतिरिक्त मांग रख दी। दुल्हन पक्ष के मना करने पर दूल्हे के पिता गुस्सा हो गए। दोनों पक्षों में कहासुनी हुई इससे विवाह नहीं हो सका और बरात लौट गई।
उधर, दुल्हन पक्ष के लोगों ने दूल्हे को बंधक बना लिया। घटना के बाद दुल्हन के घर में तनाव का माहौल बन गया। रोने-धोने के बीच दुल्हन की बड़ी मां की शुक्रवार को सदमे से मौत भी हो गई।
दुल्हन पक्ष का कहना है कि बारात सही समय पर गांव पहुंची थी, लेकिन जैसे ही रस्में शुरू होने लगीं दूल्हे के पिता ने कुछ सामान और नगद की मांग रख दी। मांग पूरी न होने पर शादी से इनकार करते हुए रात में ही बरात लेकर वापस चले गये।
घटना की जानकारी मिलने पर कोइरौना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाने का प्रयास किया।
शुक्रवार को दोपहर 12 बजे तक पुलिस की मौजूदगी में बातचीत चलती रही, लेकिन कोई हल नहीं निकला। 13 जून को फिर से पंचायत बुलाई गई है। वैसे इस मामले में किसी पक्ष से पुलिस में कोई शिकायत नहीं की गई है।
कोइरौना थानाध्यक्ष छोटक यादव का कहना है कि पूरा घटनाक्रम संज्ञान में है। जांच के साथ स्थिति पर नजर रखी जा रही है। यदि किसी पक्ष की ओर से शिकायत मिलती है तो कार्रवाई की जाएगी।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।