पुत्रों की दीर्घायु के लिए पूजी गईं जिउतिया माता
जागरण संवाददाता ज्ञानपुर (भदोही) पुत्रों की दीर्घायु की कामना के साथ जीवितपुत्रिका का पर्व

जागरण संवाददाता, ज्ञानपुर (भदोही): पुत्रों की दीर्घायु की कामना के साथ जीवितपुत्रिका का पर्व बुधवार को मनाया गया। नगर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक में व्रती महिलाओं की भीड़ सरोवर व तालाबों पर उमड़ पड़ी। श्रद्धा-भाव से पूजन सामग्री लेकर मंगल गीतों का गायन करतीं महिलाएं विधि-विधान जिउतिया माता का पूजन-अर्चन कर पुत्रों के दीर्घायु की कामना की।
ज्ञानपुर में ज्ञानसरोवर पर गाजे-बाजे के साथ पूजन सामग्री लेकर पहुंची महिलाओं ने विधि-विधान से पूजन किया। यहां दोपहर से शुरू हुए पूजन-अर्चन के सिलसिले से पूरे दिन मेले जैसा नजारा बना रहा। उधर गोपीगंज नगर के हनुमान गढ़ी तालाब, काली देवी, सोनिया तालाब, जोगीवीर, बाबा बड़ेशिव धाम के साथ ही ग्रामीण क्षेत्र में गाजे-बाजे के साथ पूजन सामग्री लेकर तालाबों पर पहुंची महिलाओं ने पूजन-अर्चन कर पुत्रों के दीर्घायु की कामना की। साथ ही महिलाओं ने जिउतिया माता के गीतों का गायन करती रहीं।
महराजगंज प्रतिनिधि के अनुसार: पुत्रों के दीर्घायु की कामना के लिए माताओं ने बुधवार को जीवित्पुत्रिका का व्रत रखा। तालाब व सरोवरों के पास एकत्रित होकर महिलाओं ने विधिवत जीवित्पुत्रिका का पूजन-अर्चन कर फल व पकवान अर्पित कर प्रसाद वितरित किया। इस दौरान पर्व से जुड़ी किदवंतियों व कहानियों का दौर काफी देर तक चला। पर्व के मद्देनजर रीति रिवाज के मुताबिक महिलाएं व्रत रख सुबह सूर्योदय से पहले मंदिरों में पहुंची। इस दौरान जिउतिया माता की पूजा की। वहीं चांदी व सोने सहित अन्य जिउतिया सूत्र को बना कर तथा उसे गले में ग्रहण किया। मान्यता है कि जिउतिया की पूजा करने से पुत्र विपदा से मुक्त हो जाते हैं व दीर्घायु होते हैं।
खमरिया प्रतिनिधि के अनुसार: पुत्रों की दीर्घायु की कामना के लिए माताओं ने जीवित्पुत्रिका का व्रत रखा। तालाब व सरोवरों के पास महिलाएं विधि पूर्वक पूजा की। इसके साथ ही फल और पकवान अर्पित की। इस दौरान उपस्थित महिलाएं पर्व से जुड़ी कहानी भी बता रहीं थीं।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।