नईबाजार नगर पंचायत के विस्तार से विकास को मिलेगी गति, नगर विकास मंत्रालय को गया प्रस्ताव
नईबाजार नगर पंचायत के सीमा विस्तार का प्रस्ताव विकास मंत्रालय को भेजा गया है। जनसँख्या 25 हजार से अधिक होने के बावजूद कागजों पर 13 हजार ही दर्ज है। पंचायत चुनाव के बाद इस पर निर्णय होने की संभावना है। सीमा विस्तार से विकास को गति की उम्मीद है और भूमि की कमी की समस्या भी दूर हो जाएगी।

जागरण संवाददाता, भदोही। मिनी कालीन नगरी के नाम से विख्यात नगर पंचायत नईबाजार के सीमा विस्तार की मांग उठने लगी है। स्थानीय लोगों की लंबे समय से चल रही मांग पर जिला प्रशासन ने इसके विस्तार को नगर विकास मंत्रालय पत्र प्रेषित किया है। आगामी पंचायत चुनाव के बाद इस पर निर्णय होने की उम्मीद है।
12377 मतदाताओं वाले नईबाजार नगर पंचायत की आबादी 2011 की जनगणना के अनुसार 13 हजार है लेकिन वास्तविकता के धरातल पर यह संख्या 25 हजार से अधिक हो चुकी है। नगर पंचायत में 11 वार्ड हैं। भदोही नगर पालिका से सटे नगर पंचायत में तीन तरफ ग्राम पंचायतें हैं। नगर की घनी आबादी व जगह के अभाव में बड़ी योजनाएं धरातल पर उतरना मुश्किल हो गया है। नगर के सीमा विस्तार के लिए लंबे समय से आवाज उठाई जा रही थी।
बोर्ड की सहमति के बाद नगर पंचायत की ओर शासन को प्रस्ताव भेजा गया है। ईओ का कहना है कि सीमा विस्तार होने से आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों का न सिर्फ तेजी के साथ विकास होगा बल्कि भूमि के अभाव में योजनाओं को धरातल पर उतारने की समस्या भी समाप्त हो जाएगी। जनपद के उत्तर पूर्व छोर स्थित नईबाजार में मिली जुली आबादी है।
1974 से पहले यह ग्रामसभा थी। लोगों की मांग पर गुलौरा और फत्तूपुर ग्राम सभाओं को मिलाकर नईबाजार नगर पंचायत का गठन किया गया। 1974 में नगर पंचायत का दर्जा मिल गया था लेकिन यहां के लोगों को पहले चुनाव के लिए 14 वर्ष तक इंतजार करना पड़ा। 1988 में यहां पहला चुनाव हुआ तब केवल नौ सदस्य थे। फिलहाल तो सदस्यों की संख्या 11 हो चुकी और मतदाताओं की संख्या 12377 है लेकिन आबादी कागजों पर आज भी 13 हजार है। यही कारण है कि नगर का विकास बाधित हो रहा है।
पंचायत चुनाव के बाद होगा निर्णय
नगर पंचायत की तरफ से सीमा विस्तार के लिए प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। यह मांग नागरिकों ने नगर विकास मंत्री के समक्ष रखी थी। उन्होंने पंचायत चुनाव के बाद निर्णय होने का वादा किया है। नगर का सीमा विस्तार होने के बाद विकास कार्यों को बल मिलेगा। - सुजीत कुमार, ईओ नगर पंचायत नईबाजार
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।