Basti Flood Alert: दो सेंटीमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से बढ़ रहा सरयू का जलस्तर, मंडरा रहा बाढ़ का खतरा
बस्ती में सरयू नदी का जलस्तर फिर बढ़ने लगा है जिससे किनारे के गांवों में बाढ़ और कटान का डर बढ़ गया है। बाढ़ खंड ने संवेदनशील क्षेत्रों में निगरानी बढ़ा दी है और तटबंधों की मरम्मत की जा रही है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति सामान्य है और लोगों की सुरक्षा उनकी प्राथमिकता है।

जागरण संवाददाता, विक्रमजोत, बस्ती। सरयू नदी का जलस्तर शनिवार को फिर बढ़ने लगा। जलस्तर में बढोत्तरी की सूचना मिलते ही नदी किनारे संवेदनशील गांवों पर बाढ़ खंड ने पुन: चौकसी बढ़ा दी है। केंद्रीय जल आयोग अयोध्या के कर्मी बलराम ने बताया कि नदी का जलस्तर शाम करीब पांच बजे 92.370 मीटर रिकार्ड किया गया जो कि खतरे के निशान 92.730से 36 सेमी नीचे है।
बताया कि नदी का जलस्तर दो सेंटीमीटर प्रति घंटे बढ़ रहा है। नदी का जलस्तर बढ़ने की जानकारी होने पर बाढ़ खंड ने विक्रमजोत विकास क्षेत्र में बीडी व एलबी तटबंधो तथा उसके करीब बसे संवेदनशील कटान प्रभावित गांवों की निगरानी तेज कर दी है।इधर अचानक जलस्तर बढ़ने से नदी के किनारे बसे गांवों के लोगो में फिर बाढ़ व कटान का डर सताने लगा है।
बाढ चौकी घघौवा पर तैनात जेई राजेश श्रीवास्तव ने बताया कि नदी का जलस्तर पुनः बढ़ने लगा है। तटबंधों एवं उसके रैम्पों की मरम्मत करायी जा रही है। बंधे पर आवागमन सुलभ बनाने के लिए जलभराव व कीचड़ वाले स्थलों पर मजदूर पटाई का कार्य कर रहे हैं। बाढ़ग्रस्त इलाकों के आबादी वाले स्थानों पर 11 नाव लगाए गए हैं।
एसडीओ धर्मेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि जलस्तर बढ रहा है,मगर स्थिति अभी स्थिति सामान्य है। कहीं कोई गंभीर समस्या की सूचना नहीं मिली है। हम पूरी तरह से तैयार हैं। नदी की कटान रोकना व लोगो की सुरक्षा हमारी पहली प्राथमिकता है।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।