पीएम किसान सम्म्मान निधि: बस्ती में 3.84 लाख किसानों के खाते में भेजे गए 76.97 करोड़ रुपये
बस्ती जिले में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि की 24वीं किस्त के तहत 3.84 लाख से अधिक किसानों को 76.97 करोड़ रुपये सीधे उनके खातों में मिले हैं।

3.84 लाख किसानों के खाते में ट्रांसफर हुए 76.97 करोड़ रुपये।
HighLights
बस्ती में 3.84 लाख किसानों को मिली पीएम किसान किस्त।
किसानों के खातों में सीधे 76.97 करोड़ रुपये हस्तांतरित।
रबी फसलों की तैयारी में मिलेगी आर्थिक सहायता।
जागरण संवाददाता, बस्ती। रबी फसलों की बुवाई और त्योहारी सीजन के बीच जिले के अन्नदाताओं के केंद्र सरकार की बड़ी सौगात मिली है। इनके खाते में प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की 24वीं किस्त का भुगतान शुक्रवार को दोपहर में डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (डीबीटी) के जरिए हो गया।
इस बार बस्ती जिले के 3 लाख 84 हजार 898 पंजीकृत किसान परिवारों को कुल 76 करोड़ 97 लाख 96 हजार रुपये की राशि सीधे किसानों के बैंक खातों में पहुंच गई। कृषि विभाग से मिले आंकड़ों के अनुसार, पिछली यानी 23वीं किस्त में जिले के 3 लाख 79 हजार 322 किसानों को योजना का लाभ मिला था।
इस बार प्रशासनिक सतर्कता और कृषि विभाग की ओर से चलाए गए विशेष अभियान के चलते 5,000 नए व छूटे हुए पात्र किसानों का नाम लाभार्थी सूची में जोड़ा गया है। इससे जिले के लाभार्थी किसानों का आंकड़ा बढ़कर 384898 पहुंच गया है।
ये आने से किसानों को बीज, खाद, कीटनाशक और सिंचाई के लिए नकदी संकट से मुक्ति मिलेगी। स्थानीय किसानों का कहना है कि यह सहायता रबी की तैयारियों के लिए अत्यंत समयोचित है।
किसानों के विवरण में कमियां थीं, उन्हें दूर कराया गया है। लगातार चलाए गए अभियान के कारण ही इस बार लाभार्थियों की संख्या में 5 हजार का इजाफा दर्ज हुआ है। किसानों के खाते में अगर किन्हीं कारणों से राशि नहीं पहुंची है, वे अपने नजदीकी राजकीय कृषि बीज भंडार या उप कृषि निदेशक कार्यालय में संपर्क कर अपना लैंड और बैंक डाटा दुरुस्त करा सकते हैं। -अशोक कुमार, उप कृषि निदेशक, बस्ती।
यह भी पढ़ें- पीएम किसान सम्मान निधि: जौनपुर में 6.86 लाख किसानों के खातों में भेजे गए 137 करोड़ रुपये
यह भी पढ़ें- पीएम किसान सम्मान निधि: किसानों के खाते में भेजी गई 24वीं किस्त, चंदौली में PM के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण