पशुपालन भर्ती घोटाला: पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह पर कसेगा ED का शिकंजा? ECIR और संपत्ति जांच की सुगबुगाहट
ईडी पशुपालन भर्ती घोटाले में पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह के खिलाफ ईसीआईआर दर्ज करने की तैयारी में है। इससे उनकी संपत्तियों और बैंक खातों की जांच होगी, जिससे हरैया से उनकी आगामी चुनावी दावेदारी पर संकट आ सकता है।

पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह। जागरण
HighLights
ईडी पशुपालन भर्ती घोटाले में ईसीआईआर दर्ज करेगी।
पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह की मुश्किलें बढ़ सकती हैं।
उनकी हरैया से चुनावी दावेदारी पर संकट गहराया।
महेंद्र कुमार त्रिपाठी, बस्ती। पशुपालन विभाग में भर्ती घोटाले की जांच अब प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) के दायरे में पहुंचने की तैयारी है। मामले में पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह समेत अन्य आरोपितों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं। ईडी जल्द ही इस प्रकरण में ईसीआईआर (प्रवर्तन मामला सूचना रिपोर्ट) दर्ज कर सकती है। इसके बाद आरोपितों की चल-अचल संपत्तियों, बैंक खातों और संदिग्ध वित्तीय लेनदेन की पड़ताल किए जाने की संभावना है। जांच का मकसद कथित घोटाले से अर्जित धन के स्रोत, उसके इस्तेमाल और इससे लाभान्वित होने वाले लोगों का पता लगाना होगा।
इस घटनाक्रम से बस्ती की राजनीति में भी चर्चा तेज हो गई है। पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह की पहचान जिले की राजनीति में एक प्रभावशाली चेहरे के रूप में रही है। वह आगामी विधानसभा चुनाव में अपनी पुरानी सीट हरैया से दावेदारी कर रहे हैं। ऐसे समय में पशुपालन भर्ती घोटाले की जांच में उनका नाम सामने आना उनकी सियासी राह के लिए चुनौती बन सकता है।
ईडी की संभावित कार्रवाई का सबसे महत्वपूर्ण पहलू वित्तीय लेनदेन की जांच होगा। एजेंसी यह पता लगाने का प्रयास कर सकती है कि भर्ती प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के जरिए कितनी रकम अर्जित की गई और उसका इस्तेमाल कहां-कहां हुआ। आरोपितों के बैंक खातों, संपत्तियों के दस्तावेजों और आर्थिक गतिविधियों की जांच के जरिये धन के लेनदेन की कड़ियां जोड़ी जा सकती हैं। यह भी जांच के दायरे में आ सकता है कि कथित रूप से अर्जित रकम किसी अन्य व्यक्ति या संस्था के माध्यम से निवेश तो नहीं की गई।
यदि ईडी इस मामले में औपचारिक जांच शुरू करती है तो संबंधित लोगों से पूछताछ और वित्तीय अभिलेखों की पड़ताल का रास्ता खुल सकता है। इससे भर्ती घोटाले से जुड़े आर्थिक पहलुओं की नए सिरे से जांच होने की संभावना है। फिलहाल इस पूरे घटनाक्रम में एजेंसी के अगले कदम पर निगाहें टिकी हैं।
हरैया की दावेदारी के बीच बढ़ी सियासी चुनौती
राजकिशोर सिंह की राजनीतिक गतिविधियों के लिहाज से भी यह घटनाक्रम महत्वपूर्ण है। आगामी विधानसभा चुनाव को देखते हुए वह अपनी पुरानी सीट हरैया से दावेदारी कर रहे हैं। क्षेत्र में राजनीतिक जमीन मजबूत करने की कोशिशों के बीच ईडी की संभावित जांच उनके सामने नई चुनौती खड़ी कर सकती है। चुनाव के दौरान विरोधी राजनीतिक दल इस प्रकरण को मुद्दा बना सकते हैं। फिलहाल यह प्रकरण उनके राजनीतिक भविष्य के लिहाज से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
दल बदलकर भाजपा तक पहुंचा राजकिशोर सिंह का सफर
बस्ती जिले के राजकिशोर सिंह वर्ष 2002 में बहुजन समाज पार्टी के टिकट पर हरैया विधानसभा सीट से पहली बार विधायक निर्वाचित हुए। मायावती सरकार में उन्हें उद्यान मंत्री की जिम्मेदारी मिली। वर्ष 2003 में बसपा छोड़कर समाजवादी पार्टी में शामिल हो गए। मुलायम सिंह यादव सरकार में भी मंत्री बने।
वर्ष 2007 में सपा के टिकट पर दूसरी बार हरैया से विधायक चुने गए। वर्ष 2012 में लगातार तीसरी बार विधानसभा पहुंचे और अखिलेश यादव सरकार में उद्यान, लघु सिंचाई, पशुधन विकास एवं पंचायती राज विभागों की जिम्मेदारी संभाली। वर्ष 2014 में बस्ती लोकसभा सीट से चुनाव लड़ा, लेकिन हार का सामना करना पड़ा।
वर्ष 2017 में विधानसभा चुनाव हारने के बाद उनका राजनीतिक समीकरण बदला। वर्ष 2019 में कांग्रेस के टिकट पर लोकसभा चुनाव लड़े। वर्ष 2020 में फिर बसपा में लौटे, लेकिन 2022 का हरैया विधानसभा चुनाव हार गए। मई 2024 को भाजपा में शामिल हो गए।
यह भी पढ़ें- बस्ती के इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी का अपहरण, पैसे के विवाद में चलती गाड़ी से कूदकर बचाई जान
ईडी की कार्रवाई की जानकारी से अनजान बने पूर्व मंत्री
पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह से ईडी की संभावित कार्रवाई और नोटिस मिलने के संबंध में गुरुवार को दैनिक जागरण ने जानकारी लेने का प्रयास किया तो उन्होंने इस बारे में अनभिज्ञता जताई। उन्होंने ईडी की ओर से किसी नोटिस मिलने अथवा कार्रवाई की जानकारी होने से इन्कार किया। इस प्रकरण पर विस्तृत बयान देने से भी उन्होंने मना कर दिया। कहा कि मैं प्रतापगढ़ के कुडा में राजा भैया के घर पर आयोजित कार्यक्रम में हूं।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।