विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती के इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी का अपहरण, पैसे के विवाद में चलती गाड़ी से कूदकर बचाई जान

Published: Fri, 20 Nov 2026 10:17 AM (IST)

बस्ती में एक इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी को पैसे के लेनदेन के विवाद में अगवा कर बेरहमी से पीटा गया और हाथ-पैर बांध दिए गए। कारोबारी ने चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाई, जिसके बाद राहगीरों ने उसे अस्पताल पहुंचाया और पुलिस जांच कर रही है।

घायल कारोबारी। जागरण

घायल कारोबारी। जागरण

HighLights

  1. इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी को पैसे के लेनदेन में अगवा किया गया।

  2. चलती गाड़ी से कूदकर कारोबारी ने अपनी जान बचाई।

  3. राहगीरों ने मदद कर पुलिस को सूचना दी, जांच जारी।

जागरण संवाददाता, बस्ती। पैसे के लेनदेन के विवाद में बस्ती शहर के एक बड़े इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी को चार पहिया वाहन में जबरन बैठाकर बेरहमी से पीटने और हाथ-पैर बांधकर ले जाने का मामला सामने आया है। गुरुवार रात करीब 11:30 बजे रुधौली क्षेत्र के कोहरा गांव के पास कारोबारी किसी तरह चलती गाड़ी से कूदकर अपनी जान बचाने में सफल रहा। सड़क पर घायल अवस्था में पड़े कारोबारी को देखकर राहगीर भी सहम गए। उसके पैर में मोटी रस्सी बंधी हुई थी। राहगीरों ने तत्काल रस्सी काटकर उसे मुक्त कराया और पुलिस व एंबुलेंस सेवा को सूचना दी।

सूचना मिलते ही प्रभारी थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव और विशुनपुरवा चौकी प्रभारी राजकुमार पटेल पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घायल को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रुधौली पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर देखते हुए उसे जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।

प्रभारी थानाध्यक्ष शिवकुमार यादव ने बताया कि घायल ने पूछताछ में अपनी पहचान राजीव पांडेय पुत्र राम मनोहर पांडेय निवासी भैसहिया, कोतवाली थाना क्षेत्र के रूप में बताई है। उसके अनुसार, पैसे के लेनदेन को लेकर कुछ लोग गुरुवार शाम को उसे कोतवाली थाना क्षेत्र के पकौड़ी चौराहे से चार पहिया वाहन में बैठाकर अपने साथ ले गए थे। आरोप है कि वाहन में बैठाने के बाद उसके साथ मारपीट की गई और हाथ-पैर बांध दिए गए। इसके बाद उसे वाहन में ही लेकर जा रहे थे।

रुधौली थाना क्षेत्र के कोहरा गांव के पास पहुंचने पर कारोबारी ने किसी तरह हिम्मत जुटाई और चलती गाड़ी से नीचे कूद गया। उसके वाहन से कूदते ही सड़क से गुजर रहे राहगीरों की नजर उस पर पड़ी। घायल की हालत देखकर लोगों ने मदद की और उसके पैर में बंधी रस्सी काटकर उसे मुक्त कराया। इसके बाद डायल 112 और 108 एंबुलेंस सेवा को सूचना दी गई।

यह भी पढ़ें- बस्ती में सामूहिक विवाह में एक दूजे के हुए 178 जोड़े, अतिथियों ने उपहार देकर नव विवाहित को दिया आशीर्वाद

घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। बस्ती शहर के बड़े इलेक्ट्रॉनिक कारोबारी के साथ हुई इस घटना ने कई सवाल खड़े किए हैं। पुलिस घायल कारोबारी से मिली जानकारी के आधार पर मामले की जांच कर रही है। आरोपितों की पहचान और घटना के पीछे की वजह का पता लगाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- कबीर तिवारी हत्याकांड: दूसरी पत्रावली में गवाही पूरी, अब 3 दिसंबर को होगी बहस

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।