बस्ती के रुधौली-बखिरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पूर्व बीडीसी समेत दो की मौत और एक गंभीर
रुधौली-बखिरा मार्ग पर हुए भीषण सड़क हादसे में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक निषाद और 18 वर्षीय दुर्गेश यादव की ...और पढ़ें

बाएं से मृतक दुर्गेश यादव व पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक निषाद की फाइल फोटो। जागरण
HighLights
रुधौली-बखिरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा हुआ।
पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत दो लोगों की मौत।
अज्ञात वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर घायल।
जागरण संवाददाता, रुधौली, बस्ती। रुधौली-बखिरा मार्ग पर बारीजोत स्थित फायर स्टेशन के पास मंगलवार की देर रात हुए सड़क हादसे में पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीछे से आए अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार दुर्गेश यादव सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, बाइक के आगे पैदल चल रहे पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक निषाद भी हादसे की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रुधौली पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में चिकित्सकों ने अशोक निषाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपक यादव की हालत गंभीर बनी हुई है।
नगर पंचायत रुधौली के मुड़ियार स्थित गोसाई पुरवा निवासी 18 वर्षीय दुर्गेश यादव पुत्र घनश्याम अपने चचेरे भाई दीपक यादव पुत्र शिव कुमार के साथ बाइक से बखिरा की तरफ से रुधौली आ रहे थे। मंगलवार की देर रात दोनों बारीजोत फायर स्टेशन के पास पहुंचे ही थे कि पीछे से आए अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और दुर्गेश सड़क किनारे बने नाले में जा गिरा। सिर में गंभीर चोट लगने से उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। वहीं बाइक पर सवार दीपक यादव भी गंभीर रूप से घायल हो गया।
इसी दौरान बाइक के आगे सड़क पर पैदल चल रहे बारीजोत निवासी पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य अशोक निषाद पुत्र शिबूलाल भी हादसे की चपेट में आ गए। टक्कर लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना के बाद आसपास के लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची एंबुलेंस 108 से अशोक निषाद और दीपक यादव को सीएचसी रुधौली पहुंचाया गया। यहां चिकित्सकों ने दोनों की गंभीर स्थिति को देखते हुए प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल पहुंचने पर चिकित्सकों ने अशोक निषाद को मृत घोषित कर दिया, जबकि दीपक का उपचार चल रहा है।
मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे अशोक
अशोक निषाद पूर्व में क्षेत्र पंचायत सदस्य रह चुके थे। वह मेहनत-मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनके तीन बेटे और एक बेटी हैं। परिवार की पूरी जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। देर रात हादसे में उनकी मौत की खबर घर पहुंचते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। पत्नी रंगीला देवी समेत बच्चों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार के सामने अब भरण-पोषण का संकट खड़ा हो गया है।
यह भी पढ़ें- यूपी के बस्ती में पुरानी रंजिश के चलते शिक्षिका की पीट-पीटकर हत्या, 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज
दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था दुर्गेश
दूसरी ओर दुर्गेश यादव अपने दो भाइयों और तीन बहनों में सबसे बड़ा था। महज 18 वर्ष की उम्र में उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। बेटे की मौत की खबर सुनते ही मां उषा देवी बदहवास हो गईं। बहनों और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। परिवार को दुर्गेश से काफी उम्मीदें थीं, लेकिन एक हादसे ने सब कुछ छीन लिया।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।