विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यूपी के बस्ती में पुरानी रंजिश के चलते शिक्षिका की पीट-पीटकर हत्या, 6 लोगों के खिलाफ केस दर्ज

Published: Wed, 11 Nov 2026 05:30 AM (IST)

बस्ती में पुरानी रंजिश के चलते दो पक्षों में खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान पति और बेटे को हमलावरों ...और पढ़ें

मृतका सुधा देवी की फाइल फोटो

मृतका सुधा देवी की फाइल फोटो

HighLights

  1. बस्ती में पुरानी रंजिश को लेकर खूनी संघर्ष

  2. शिक्षिका की पीट-पीटकर हत्या

  3. 6 लोगों पर केस दर्ज

संवाद सूत्र, बस्ती। पुरानी रंजिश को लेकर मंगलवार की सुबह ताहिरपुर गांव में दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। इस दौरान पति और बेटे को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची 51 वर्षीय शिक्षिका सुधा यादव पर हमलावरों ने हमला कर दिया।

मारपीट में गंभीर रूप से घायल शिक्षिका की अस्पताल ले जाते समय मौत हो गई, जबकि उनके पति शंकर यादव और बेटा अखिलेश गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है। घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है।

पुलिस तीन आरोपितों को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है। अयोध्या के कारसेवकपुरम मोहल्ले की रहने वाली मृतक सुधा यादव गोंडा जिले के नबाबगंज क्षेत्र के कोलमपुर प्राथमिक विद्यालय में शिक्षिका के पद पर तैनात थीं। गांव के दो पक्षों के बीच लंबे एक दूसरे पक्ष की शिकायत करने की बात को लेकर रंजिश चली आ रही थी।

इसी विवाद को लेकर दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। आरोप है कि एक पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडों और धारदार हथियारों से लैस होकर पति शंकर यादव के परिवार पर हमला कर दिया। पति और बेटे को पिटता देख सुधा यादव बीच-बचाव करने पहुंचीं तो हमलावरों ने उन्हें भी निशाना बनाया।

हमले में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना पर स्थानीय पुलिस और क्षेत्राधिकारी मौके पर पहुंचे। बेटे अखिलेश की तहरीर पर कलवारी थाने में छह नामजद आरोपितों के खिलाफ हत्या, बलवा, मारपीट और धमकी देने समेत अन्य संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गई है। नामजद आरोपितों में लक्ष्मी देवी, आलोक, दीपशिखा, प्रेमचंद, आदर्श और संतराम निवासी ताहिरपुर शामिल हैं।

गांव में पुलिस बल तैनात, आरोपितों की तलाश

घटना के बाद गांव में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की कई टीमें गठित कर संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। क्षेत्राधिकारी कलवारी बृजेश कुमार सिंह ने बताया कि आरोपितों की गिरफ्तारी के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। तीन को हिरासत में ले लेकर विधिक कार्रवाई की जा रही है।

दीपावली की छुट्टी पर परिवार समेत गांव आई थीं सुधा

दीपावली के पावन पर्व पर अपनों के बीच खुशियां बांटने आईं एक प्राथमिक शिक्षिका की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया है। पड़ोसी के खौफनाक अंत में शिक्षिका की जिंदगी छिन गई, जबकि उनके पति की हालत भी गंभीर बनी हुई है जिन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज लखनऊ रेफर किया गया है।

मृतका शिक्षिका सुधा यादव अपने पति सुधाशंकर, बेटे अखिलेश व बेटी अनुपम के साथ अयोध्या के कारसेवक पुरम मोहल्ले में निवास करतीं थीं। सुधा गोंडा जिले के नवाबगंज विकास क्षेत्र के अंतर्गत कोलमपुर प्राथमिक विद्यालय में सहायक अध्यापक के पद पर तैनात थीं।

दिवंगत के रिश्तेदार सचिन यदुवंशी ने बताया कि दीपावली के अवकाश पर वह अयोध्या से अपने घर ताहिरपुर, कलवारी आई हुई थीं, लेकिन किसे पता था कि यह त्योहार उनके परिवार के लिए जिंदगी का सबसे काला अध्याय बन जाएगा। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आखिर वह कौन सी परिस्थितियां थीं जिनके चलते इतना बड़ा खूनी संघर्ष हुआ। दीपावली का त्योहार मनाने घर आने पर हुई खूनी संघर्ष ने परिवार की खुशियां छीन लीं।

विवाद ने छीनी जिंदगी, पति की भी हालत नाजुक

पड़ोसी के विवाद ने अचानक विकराल रूप ले लिया। यह विवाद इतना बढ़ गया कि बात खौफनाक मोड़ पर पहुंच गई, जिसमें शिक्षिका सुधा की जान चली गई। वहीं, इस घटना में उनके पति सुधाशंकर यादव की हालत भी बेहद नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद आनन-फानन में उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से डॉक्टरों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए हायर सेंटर यानी मेडिकल कॉलेज लखनऊ के लिए रेफर कर दिया है।

यह भी पढ़ें- बस्ती के थानों में मौत को दावत देती जर्जर वायरिंग, खतरे में पुलिसकर्मियों की जान

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।