बस्ती के थानों में मौत को दावत देती जर्जर वायरिंग, खतरे में पुलिसकर्मियों की जान
बस्ती जिले के कई थानों और पुलिस चौकियों में जर्जर वायरिंग, खुले कटआउट और अर्थिंग की कमी जैसी गंभीर बिजली ...और पढ़ें

नियमित विद्युत सुरक्षा ऑडिट नहीं होते, बल्कि अनुरोध पर ही जांच की जाती है, जो जनता की सुरक्षा में लगे लोगों की अपनी सुरक्षा पर सवाल उठाता है।
HighLights
बस्ती के थानों में जर्जर वायरिंग, खुले कटआउट से खतरा।
पुलिसकर्मी और परिवार बिजली के झटके के डर में।
विद्युत सुरक्षा ऑडिट की कमी, बड़े हादसे का डर।
जागरण संवाददाता, बस्ती। जिले के कई थानों और पुलिस चौकियों की धज्जियां उड़ रही हैं। जर्जर वायरिंग, खुले कटआउट, बिना एमसीबी के चल रहे भारी उपकरण और अर्थिंग का न होना बड़े हादसे को दावत दे रहा है। दिन-रात जनता की सुरक्षा में तैनात पुलिसकर्मी और उनके परिवार थाना परिसर स्थित सरकारी आवासों में खौफ के साये में जीने को मजबूर हैं।
पुलिस स्टेशनों की विशेष पड़ताल में यह चौंकाने वाला मामला सामने आया है। जिले के अधिकांश थाना परिसरों, कार्यालयों और पुलिसकर्मियों के आवासों में बिजली सुरक्षा के तय मानकों की अनदेखी की जा रही है। थानों में जहां सीसीटीएनएस सिस्टम, कंप्यूटर्स और वायरलेस सेट 24 घंटे चालू रहते हैं, वहां तारों का मकड़जाल फैला हुआ है।
पुरानी वायरिंग पूरी तरह नंगी हो चुकी है। बारिश के मौसम में इन दीवारों में करंट उतरने का खतरा हर वक्त बना रहता है।अधिकांश परिसरों में मानक के अनुसार अर्थिंग की कोई व्यवस्था नहीं है। भारी वोल्टेज फ्लक्चुएशन के समय अर्थ लीकेज सर्किट ब्रेकर (इएलसीबी) न होने से शार्ट सर्किट का खतरा हमेशा बना रहता है। पुलिसकर्मियों के छोटे बच्चे इन्हीं परिसरों में खेलते हैं। नीची ऊंचाई पर झूलते नंगे तार और खुले कटआउट कभी भी किसी बड़े हादसे का कारण बन सकते हैं।
प्रभारी निरीक्षक थाना पैकोलिया मोतीचंद राजभर ने बताया कि हमारे कार्यकाल में में अभी तक विद्युत सुरक्षा आडिट नहीं हुआ है। पूर्व की जानकारी नहीं है। पुलिस स्टेशनों में समय-समय पर विद्युत सुरक्षा आडिट होनी जरूरी है।
विद्युत सुरक्षा के सहायक निदेशक ब्रजेश यादव ने कहा कि जब पुलिस विभाग के अधिकारी की ओर से पत्र आता है तो हमारी टीम मौके पर जाकर जांच कर रिपोर्ट पुलिस अधिकारी को सौंपती हैं। दो नवनिर्मित थाना का सुरक्षा आडिट हाल में किया गया है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।