बस्ती में लड़की से बात करने की जिद में सिरफिरे युवक ने खुद को मारी गोली, मौके पर मौत
बस्ती के हर्रैया थाना क्षेत्र में एक युवक ने लड़की से बात करने की जिद में खुद को गोली मार ...और पढ़ें

मौके पर जुटे ग्रामीण। जागरण
जागरण संवाददाता, बस्ती। लड़की से बातचीत करने की जिद और सिरफिरेपन के चलते एक युवक ने कथित तौर पर खुद को गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। इस घटना से क्षेत्र में हड़कंप मच गया है और मृतक के परिवार में कोहराम मचा हुआ है।हर्रैया थाना क्षेत्र के बसेवाराय गांव में बुधवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे एक सनसनीखेज घटना सामने आई।
मृत युवक की पहचान शिवकुमार के रूप में हुई है, जो मूल रूप से परसरामपुर थाना क्षेत्र के ठाकुरपुर गांव का निवासी था। प्रत्यक्षदर्शियों और शुरुआती पुलिस पूछताछ के मुताबिक, मृतक अपने रिश्तेदार बसेवाराय गांव निवासी लालू प्रसाद के घर पर आया था।
यहां पर एक लड़की से लगातार बातचीत करने की जिद पर अड़ा हुआ था। इसी जिद और आवेश में उसने खौफनाक कदम उठाते हुए अवैध असलहे से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के ग्रामीण मौके की ओर दौड़े, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया था।
पुलिस और फोरेंसिक टीम जांच में जुटी घटना की सूचना मिलते ही हर्रैया थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची। मामले की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी साक्ष्य संकलन के लिए बुलाया गया है।
सीओ स्वर्णिमा सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं तथा यह भी पता लगाया जा रहा है कि युवक के पास असलहा कहां से आया और इस पूरे घटनाक्रम के पीछे की असल वजह क्या थी। पुलिस हर पहलू से मामले की बारीकी से जांच कर रही है।