बस्ती में राशन कार्ड घोटाला, 10205 मृतक भी उठा रहे थे खाद्यान्न; अब एक्शन की तैयारी
भारत सरकार द्वारा अपात्र घोषित 19036 राशनकार्ड धारकों में से बस्ती में 10205 मृतक पाए गए, जो अभी भी खाद्यान्न उठा रहे थे। सत्यापन के बाद इन मृतकों के नाम राशन कार्ड यूनिट से हटाए जाएंगे, जबकि 11 जीवित लोग गलती से मृतक सूची में शामिल थे।

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण
HighLights
बस्ती में 10205 मृतक राशन कार्ड धारक खाद्यान्न ले रहे थे।
सत्यापन में 11 जीवित लोग गलती से मृतक सूची में पाए गए।
मृत्यु प्रमाण पत्र न देने और डेटा त्रुटि से गड़बड़ी हुई।
जागरण संवाददाता, बस्ती। भारत सरकार के अपात्र राशनकार्ड धारकों में 19036 ऐसे लोगों की सूची भेजी है जो मृत होने के बाद भी खाद्यान्न उठान कर रहे हैं। विभागीय लागिन पर 10923 लोगों को राज्य सरकार ने सत्यापन के लिए प्रेषित किया है। सत्यापन में पाया गया कि 10205 लोग ऐसे हैं जो मृतक होने के बाद भी खाद्यान्न ले रहे हैं। सूची में 11 ऐसे लोग पाए गए हैं जो जीवित होते हुए भी मृतक सूची में नाम दर्ज हैं।
मार्च, जुलाई व दिसंबर माह में विभाग कोटेदारों से मृतक की सूची मांगता है। जिसके आधार पर उनका नाम राशन कार्ड से हटाया जाता है। इसमें संबंधित का मृत्यु प्रमाण पत्र परिवार के सदस्य कोटेदार को मुहैया कराते हैं।
इस प्रमाण पत्र के आधार पर ही राशन कार्ड से मृतक का नाम हटाया जाता है। इसमें कुछ ऐसे भी लोग है जों खाद्यान्न लाभ लेने के चक्कर में कोटेदार को मृत्यु प्रमाण पत्र ही नहीं उपलब्ध कराते हैं। जबकि कुछ विभागीय डाटा गड़बड़ी के कारण मृतक होते हुए भी लाभ ले रहे हैं।
यह भी पढ़ें- बस्ती में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में चार महिलाओं के लॉकेट और मंगलसूत्र चोरी, अधिकारी की जेब से नकदी भी गायब
मृतक के खाद्यान्न लेने पर जब कोई व्यक्ति विभाग को सूचित करता है तब कहीं जाकर विभाग सक्रिय होता है। इसमें भी एक बार मृतक के नाम पर खाद्यान्न उठ जाता है। इस तरह 10205 मृतक धरती पर खाद्यान्न लेने आ रहे हैं। मृतक की सूची में 11 पात्र मिले हैं। अर्थात जिन्दा होते भी मृतक सूची में नाम दर्ज है।
राज्य सरकार से 10923 मृतकों का डाटा उपलब्ध कराया गया । जिसका पूर्ति निरीक्षकों से सत्यापन कराया गया है। 10205 अपात्र पाए गए हैं इनमें 11 पात्र मिले है। राशन कार्ड यूनिट से मृतक का नाम हटा दिया जाएगा।
- विमल कुमार शुक्ल, जिला पूर्ति अधिकारी