बस्ती में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह में चार महिलाओं के लॉकेट और मंगलसूत्र चोरी, अधिकारी की जेब से नकदी भी गायब
बस्ती के रामरेखा मंदिर में मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के दौरान चोरों ने चार महिलाओं के सोने के लॉकेट और मंगलसूत्र चुरा लिए।

प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए तस्वीर को एआई टूल गूगल जेमिनी की मदद से बनाया गया है।
HighLights
सामूहिक विवाह समारोह में चार महिलाओं के सोने के गहने चोरी।
जिला समाज कल्याण अधिकारी की जेब से दस हजार रुपये गायब।
बस्ती में बड़े आयोजन की सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल।
संवाद सूत्र, बस्ती। रामरेखा मंदिर परिसर में आयोजित मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह समारोह के दौरान चोरों ने जमकर हाथ साफ किया। भीड़ का फायदा उठाकर चोरों ने चार महिलाओं के गले से सोने के लॉकेट और मंगलसूत्र चोरी कर लिए।
इतना ही नहीं, जिला समाज कल्याण अधिकारी लालजी यादव की जेब से 10 हजार रुपये भी गायब हो गए। वहीं, ड्यूटी पर आए पैकोलिया थाना क्षेत्र निवासी एक सफाईकर्मी का पर्स भी चोरी हो गया।
पहली घटना रामरेखा मंदिर के पास रहने वाली उमा देवी के साथ हुई। वह गले में सोने का लॉकेट पहने हुए थीं। समारोह के दौरान भोजन करते समय किसी ने उनका लॉकेट चोरी कर लिया। दूसरी घटना तुरसी गांव निवासी सरिता के साथ हुई, जिनका मंगलसूत्र गायब हो गया। तीसरी घटना इटावा गांव निवासी इंदु के साथ हुई।
वह दुबौलिया ब्लॉक के ऊंची गांव से विवाह समारोह में शामिल होने आई थीं। उनके गले से भी सोने का लॉकेट चोरी कर लिया गया। इसी तरह चौथी महिला के गले से भी सोने का लॉकेट गायब हो गया।
महिलाओं को जब अपने गहने गायब होने की जानकारी हुई तो उन्होंने छावनी थानाध्यक्ष को घटना से अवगत कराया। हालांकि, तब तक संदिग्ध चोर मौके से फरार हो चुका था। उधर, जिला समाज कल्याण अधिकारी की जेब से 10 हजार रुपये और सफाईकर्मी का पर्स गायब होने की घटना ने भी समारोह की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए।
मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह जैसे बड़े सार्वजनिक आयोजन में एक के बाद एक चोरी की घटनाओं से लोगों में नाराजगी देखी गई। भीड़भाड़ वाले कार्यक्रम में चोरों की सक्रियता ने सुरक्षा इंतजामों की पोल खोल दी।
यह भी पढ़ें- कुशीनगर में शादी के दौरान बवाल: आर्केस्ट्रा में फरमाइशी गाने को लेकर मारपीट में छह घायल, एक की हालत गंभीर