कड़ाके की ठंड में कहां जाएं मजदूर? जम्मू में सड़कों पर रात गुजारने को मजबूर, रैन बसेरे की 100 रुपये फीस भी चुनौती
जम्मू में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने से बेघर लोगों के लिए एकमात्र रैन बसेरा बोझ तले दब गया है। कम क्षमता और सुविधाओं के अभाव के बावजूद, एक संस्था निःशुल्क भोजन और आश्रय प्रदान कर रही है, लेकिन दान की सख्त आवश्यकता है।

कड़ाके की ठंड में जम्मू के बेघरों के लिए सिर्फ 50 बेड का सहारा। (फोटो- जागरण)
HighLights
जम्मू में शीतलहर से बेघर लोगों को रैन बसेरे की कमी।
एकमात्र मुख्य रैन बसेरा 50 लोगों की क्षमता से जूझ रहा।
संस्था निःशुल्क भोजन, आवास, इलाज दे रही, दान की अपील।
अंचल सिंह, जम्मू। पहाड़ी चोटियों पर हो रही बर्फबारी के चलते पूरे जम्मू संभाग में शीतलहर का प्रकोप बढ़ने लगा है। आने वाले दिनों में पारा और लुढ़कने के आसार हैं। ऐसे में खुले आसमान के नीचे रात गुजारने वाले बेसहारा, बीमार और गरीब लोगों के लिए रैन बसेरे ही एकमात्र सहारा हैं। हालांकि, मंदिरों के शहर जम्मू में बेघरों की आबादी के अनुपात में आश्रय स्थलों की भारी कमी है। शहर में मुख्य रूप से बाहुफोर्ट के कासिम नगर स्थित बोरिया बस्ती में बना शेल्टर फार अर्बन होमलेस (रैन बसेरा) ही एक प्रमुख ठिकाना है, जिसकी क्षमता महज 50 लोगों की है।
सरकारी नियमों के तहत रैन बसेरे में ठहरने के लिए प्रतिदिन 100 रुपये शुल्क का प्रावधान है। दिहाड़ी मजदूरों और फुटपाथ पर सोने वालों के लिए यह राशि देना मुश्किल होता है, जिससे कई लोग फ्लाईओवर या सड़कों के किनारे ठिठुरने को मजबूर हैं।
दूसरी ओर, बोरिया बस्ती स्थित इस केंद्र की जमीनी तस्वीर एक अलग मानवीय पहलू भी दिखाती है। वर्ष 2019-20 में खुले इस केंद्र का संचालन जागृति महिला उद्योग केंद्र कर रहा है। यहां वर्तमान में करीब 30 ऐसे असहाय लोग रह रहे हैं जिनका दुनिया में कोई नहीं है। संस्था इन सभी को पूरी तरह निशुल्क भोजन, आवास और इलाज मुहैया करवा रही है।
स्टाफ और बीमारों की देखभाल
रैन बसेरे में शरण लेने वालों में अधिकतर लोग गंभीर रूप से बीमार और लाचार हैं, जिनमें कई बेसहारा महिलाएं भी शामिल हैं। स्थिति यह है कि इनमें से करीब 18 लोगों के नियमित रूप से डायपर तक बदलने पड़ते हैं, जिसकी जिम्मेदारी महज छह लोगों का स्टाफ संभाल रहा है।
यह केंद्र अब तक 125 बिछड़े या बेसहारा लोगों को उनके परिवारों से मिलवा चुका है, जबकि यहां रहने वाले 25 लावारिस लोगों की मृत्यु होने पर संस्था ने ही उनका अंतिम संस्कार किया। यह केंद्र मुख्य रूप से सरकार और दानी सज्जनों के सहयोग से चल रहा है।
अस्थायी शेल्टर व रेस्क्यू की कमी
कड़ाके की ठंड के बावजूद रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और अस्पतालों जैसे भीड़भाड़ वाले इलाकों के पास खासतौर पर महिलाओं और दिहाड़ी मजदूरों के लिए सुरक्षित अस्थायी रैन बसेरों का अभाव है। सर्द रातों में कुछ सामाजिक संस्थाएं कंबल जरूर बांटती हैं, लेकिन बेघरों को चिह्नित कर रैन बसेरे तक पहुंचाने वाली समर्पित रेस्क्यू टीमों का नेटवर्क बेहद कमजोर है।
प्रशासन की ओर से साप्ताहिक मेडिकल कैंप लगाने के दावे तो किए जाते हैं, मगर बढ़ती ठंड के बीच प्रमुख चौराहों पर अस्थायी शेल्टर शुरू करना एक बड़ी चुनौती बना हुआ है।
सहयोग की दरकार
जागृति महिला उद्योग केंद्र प्रभारी रैन बसेरा एवं प्रधान वीना बख्शी ने बताया कि प्रशासन की तरफ से कुछ महीने पहले 20 बेड, बेडशीटें और तकिये दिए गए थे, जबकि रेडक्रास से पुराने गद्दे लिए गए हैं। नगर निगम और स्मार्ट सिटी की ओर से मरम्मत कार्य व लिफ्ट लगाई गई है तथा यहां गीजर, बिजली और पानी पर्याप्त उपलब्ध है। हालांकि, जानकारी के अभाव या अन्य कारणों से लोग यहां कम ही आते हैं।
आगामी कड़ाके की सर्दी को देखते हुए दानी सज्जनों से अपील है कि वे केंद्र में नए और भारी कंबल दान करें, जिनकी सबसे अधिक जरूरत रहेगी। बिना दानी सज्जनों के इसे चला पाना मुश्किल है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।