पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह के राजनीतिक भविष्य पर तलवार, भर्ती प्रकरण में नाम से बढ़ी हलचल
पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह का राजनीतिक भविष्य पशुधन प्रसार अधिकारियों की भर्ती में अनियमितताओं के मामले में नाम आने से ...और पढ़ें

विधानसभा चुनाव की तैयारी में जुटे थे पूर्व मंत्री,बस्ती की सियासत में चर्चाएं तेज। जागरण
HighLights
पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह का राजनीतिक भविष्य अब संकट में है।
पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती में अनियमितताओं के मामले में नाम आया।
ईओडब्ल्यू जांच से आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारी प्रभावित।
जागरण संवाददाता, बस्ती। जिले की राजनीति में अपनी मजबूत पहचान रखने वाले पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह के राजनीतिक भविष्य को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। समाजवादी पार्टी सरकार के कार्यकाल में पशुधन प्रसार अधिकारियों के 1198 पदों पर हुई भर्ती में अनियमितताओं के मामले में उनका नाम सामने आने के बाद उनके राजनीतिक समीकरण प्रभावित होने की आशंका जताई जा रही है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर पूरी ताकत से मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे राजकिशोर सिंह के सामने अब कानूनी और राजनीतिक, दोनों मोर्चों पर चुनौती खड़ी होती दिख रही है।
राजकिशोर सिंह हर्रैया विधानसभा क्षेत्र की राजनीति में लंबे समय से सक्रिय हैं। वह क्षेत्र में अपनी राजनीतिक जमीन मजबूत करने में जुटे थे। भाजपा में शामिल होने के बाद उनकी सक्रियता और आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर संभावित दावेदारी की चर्चा भी राजनीतिक गलियारों में थी। समर्थकों के बीच उन्हें एक बार फिर विधानसभा चुनाव में मजबूती से उतरने वाले नेता के रूप में देखा जा रहा था।
इसी बीच पशुधन प्रसार अधिकारी भर्ती प्रकरण की जांच में उनका नाम चर्चा में आने से राजनीतिक परिस्थितियां बदलती नजर आ रही हैं। वर्ष 2014 में हुई इस भर्ती में 1198 पदों पर नियुक्तियों में अनियमितता के आरोप हैं। जांच एजेंसी आर्थिक अपराध अनुसंधान संगठन (ईओडब्ल्यू) मामले की पड़ताल कर रहा है। जांच में तत्कालीन अधिकारियों और अन्य संबंधित लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है। तत्कालीन मंत्री के रूप में राजकिशोर सिंह की भूमिका को लेकर भी जांच एजेंसी की नजर होने की खबरें सामने आई हैं।
इस घटनाक्रम के बाद बस्ती की राजनीति में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं। क्या राजकिशोर सिंह अपनी चुनावी तैयारी पूर्ववत जारी रख पाएंगे? क्या जांच की आंच उनकी राजनीतिक सक्रियता और संभावित दावेदारी को प्रभावित करेगी? इन सवालों पर राजनीतिक हलकों में चर्चा हो रही है।
यह भी पढ़ें- बस्ती के रुधौली-बखिरा मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, पूर्व बीडीसी समेत दो की मौत और एक गंभीर
पक्ष जानने का किया प्रयास, नहीं मिला जवाब
पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह का पक्ष जानने के लिए उनसे कई बार मोबाइल फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया। उन्हें वाटसएप के माध्यम से भी संदेश भेजकर भर्ती प्रकरण में सामने आ रहे तथ्यों और उनकी भूमिका को लेकर प्रतिक्रिया मांगी गई, लेकिन उनकी ओर से कोई जवाब नहीं मिला।