विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

बस्ती में 308 पहियों वाले ट्रक ने रोकी बिजली, हाईवे पर लगा भीषण जाम; मशक्कत में पूरा दिन जुटी रही पुलिस

Published: Mon, 12 Oct 2026 06:53 PM (IST)

बलरामपुर चीनी मिल की नई इकाई के लिए 200 टन का विशाल संयंत्र ले जा रहे 308 पहियों वाले ट्रक ...और पढ़ें

News Article Hero Image

HighLights

  1. 308 पहियों वाले ट्रक से बस्ती में बिजली बाधित।

  2. सात विद्युत उपकेंद्रों पर दिनभर आपूर्ति ठप रही।

  3. हाईवे पर लंबा जाम, यातायात पुलिस को मशक्कत।

जागरण संवाददाता, बस्ती। बलरामपुर चीनी मिल्स लिमिटेड की लखीमपुर खीरी में लग रही नई इकाई के लिए विशाल संयंत्र (200 टन का वेसल) लेकर जा रहे 308 पहियों वाले ट्रक को सुरक्षित रास्ता देने के लिए सड़क पार किए तारों को खोलना पड़ा। इससे सात विद्युत उपकेंद्र प्रभावित रहे। इसमें छह उपकेंद्र लगभग पूरी तरह बंद रखने पड़े।

पॉलीटेक्निक चौराहे से गौरा मार्ग की तरफ जाने के दौरान दोनों तरफ राजमार्ग पर लंबा जाम लग गया। दो बजे निकले इस ट्रक को मनौरी चौराहे तक पहुंचते-पहुंचे शाम के पांच बज गए। इस कारण गाउखोर उपकेंद्र पूरी तरह बंद रखा गया।

एहतियात के तौर पर बंद रखा गया फीडर

विद्युत वितरण खंड ग्रामीण के अधिशासी अभियंता सुधांशु श्रीवास्तव ने एहतियातन 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र मुंडेरवा से निर्गत 11केवी मंगेरवा एवं ऊंचगांव फीडर के साथ ही व्योतहरा, गाऊखोर, सल्टौआ तथा बाघनगर उपकेंद्र से निर्गत सभी फीडरों को बंद रखने का निर्देश दिए थे, जबकि सदर खंड का पॉलिटेक्निक उपकेंद्र पूरी तरह बंद रखने के साथ ही पुरानी बस्ती उपकेंद्र के हथिया गढ फीडर को बंद रखने के निर्देश थे।

सोमवार को मुंडेरवा से आगे बढ़ते हुए ट्रक मनौरी तक ही पहुंच सका इस कारण गाउखोर उपकेंद्र पूरी तरह बंद रहा। सल्टौआ उपकेंद्र चालू रखा गया। अधिशासी अभियंता सदर खंड शुभम पांडेय ने बताया कि सुबह छह बजे से 10 बजे तक ही विद्युत आपूर्ति बंद रखने की सूचना उपभोक्ताओं को दी गई थी। इतने समय में इस ट्रक को निकलना था। ट्रक के पालीटेक्निक चौराहे तक पहुंचते दोपहर साढ़े बारह बज गए।

पूरे दिन बंद रखनी पड़ी आपूर्ति

उपखंड अधिकारी प्रभाकर कुमार ने बताया कि 11 केवी लाइनों को खुलवाने के साथ ही कई स्थानों पर क्रॉस किए तारों को काटना पड़ा। पालीटेक्निक चौराहे पर वाहन के मुड़ने के चलते यहां तारों को हटाना पड़ा, जिस कारण पूरे दिन विद्युत आपूर्ति बंद रखनी पड़ी।

उपखंड अधिकारी सल्टौआ सुनील कुमार यादव ने बताया कि शाम पांच बजे तक मनौरी तक ट्रक पहुंचा है। इस कारण गाऊखोर उपकेंद्र पूरी तरह बंद रखना पड़ा।

अधिशासी अभियंता रुधौली अरुण कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार को ट्रक को निकालने के लिए भानपुर ग्रामीण व तहसील तथा असनहरा उपकेंद्र की आपूर्ति सुबह सात बजे से बंद रखी जाएगी।

यह भी पढ़ें- 308 पहियों वाले ट्रक ने गोरखपुर में भरी रफ्तार, तेनुआ टोल प्लाजा किया पार, पुलिस संभालती रही भीड़

यह भी पढ़ें- 162 टायर वाले 'बाहुबली' ट्रक के संचालन में लगा 15 लोगों का स्टाफ, 20 घंटे बाद एक्सप्रेस-वे पर मिली एंट्री