Basti News: बाढ़ से 120 गांवों की सवा लाख आबादी प्रभावित, पीड़ितों को वितरित की जा रही राहत सामग्री
जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने संदलपुर में बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री वितरित की। अफसरों को राहत कार्य तेज करने के साथ ही जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। बताया कि बाढ़ पीड़ितों में आठ हजार राहत सामग्री और 36 हजार लंच पैकेट वितरित किए गए हैं।

बस्ती, जागरण टीम। सरयू नदी का जलस्तर घटने लगा है लेकिन बाढ़ पीड़ितों की दुश्वारियां कम होने का नाम नहीं ले रही हैं। नदी का जलस्तर लोलपुर-विक्रमजोत तटबंध और बैड़ारी मुस्तहकम में पानी कम होने लगा है। जिले में बाढ़ से 120 गांवों की सवा लाख आबादी प्रभावित है।
शुक्रवार को जिलाधिकारी प्रियंका निरंजन ने संदलपुर में बाढ़ पीड़ितों में राहत सामग्री वितरित की। अफसरों को राहत कार्य तेज करने के साथ ही जरूरत की वस्तुएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया है। बताया कि बाढ़ पीड़ितों में आठ हजार राहत सामग्री और 36 हजार लंच पैकेट वितरित किए गए हैं। पशुपालन और स्वास्थ्य विभाग की टीमें बाढ़ प्रभावित गांवों में राहत कार्य में जुटी हुई हैं।
बाढ़ की स्थिति का लिया जायजा
मंडलायुक्त गोविंदराजू एनएस एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक आरके भारद्वाज ने बस्ती सदर तहसील के बाढ़ प्रभावित बैड़ारी एहतमाली, टेंगारिया राजा एवं बैड़ारी मुस्तहकम का निरीक्षण कर बाढ़ की स्थिति का जायजा लिया। इस मौके पर दोनो अधिकारियों ने बाढ़ पीड़ितों को राहत सामग्री का किट वितरित किया।
अधिकारियों को दिए निगरानी के निर्देश
बाढ़ प्रभावित गांवों में जाकर उनकी समस्याएं सुनी हर संभव सहायता का आश्वासन दिया। मंडलायुक्त ने उप जिलाधिकारी सदर शैलेश दूबे को आवश्यक दिशा-निर्देश दिये। अधिकारियों को बाढ़ से प्रभावित ग्रामों में निरंतर निगरानी के साथ ही साफ-सफाई के साथ एंटीलार्वा का छिड़काव और फागिंग कराने को कहा। बाढ़ क्षेत्र में बीमारियां न फैलें, इसके लिए जरूरी इंतजाम करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर बीडीओ वर्षा बंग, नायब तहसीलदार केके मिश्रा एवं अन्य सम्बन्धित अधिकारी, कर्मचारी उपस्थित रहे।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।