बस्ती में ट्रैक्टर की टक्कर से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की मौत, परिवार में पसरा मातम
बस्ती के कप्तानगंज में एक ट्रैक्टर की चपेट में आने से 40 वर्षीय मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव अरविंद पांडेय की मौत हो ...और पढ़ें

रोते बिलखते परिजन। जागरण
HighLights
कप्तानगंज में ट्रैक्टर की चपेट में आने से मौत।
40 वर्षीय मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव अरविंद पांडेय की मृत्यु।
पत्नी और दो बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूटा।
संवाद सूत्र, गौरा (बस्ती)। कप्तानगंज थाना क्षेत्र के भवनापुर स्थित एसडीजी स्कूल के पास शनिवार सुबह ट्रैक्टर की चपेट में आने से बाइक सवार मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की मौत हो गई। हादसे में गंभीर रूप से घायल युवक को स्थानीय लोगों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कप्तानगंज पहुंचाया गया, जहां चिकित्सक ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पगार गांव निवासी 40 वर्षीय अरविंद पांडेय पुत्र स्वर्गीय माधव प्रसाद पांडेय शनिवार सुबह करीब 10 बजे बाइक से कप्तानगंज की ओर जा रहे थे। अभी वह भवनापुर स्थित एसडीजी स्कूल के पास पहुंचे थे कि ट्रैक्टर की चपेट में आ गए। टक्कर लगने से वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने उन्हें तत्काल सीएचसी कप्तानगंज पहुंचाया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी।
सूचना पर पहुंची कप्तानगंज पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी। पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रैक्टर को भी कब्जे में ले लिया है।
अरविंद पांडेय मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव के रूप में कार्यरत थे। उनके परिवार में पत्नी मिथिलेश पांडेय, 12 वर्षीय पुत्र शिवांश और पुत्री मान्या हैं। परिवार के एकमात्र कमाऊ सदस्य की असमय मौत से पत्नी और बच्चों पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन सीएचसी पहुंच गए। पत्नी और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल रहा। उधर, अरविंद की मौत की खबर से पगार गांव में शोक है।