हंगरी के मैदानों में चमकेंगे बस्ती के विवेक, भारतीय खेल प्राधिकरण ने अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चुना
बस्ती के फुटबाल कोच विवेक प्रताप सिंह को भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) ने हंगरी में अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण के लिए चुना ...और पढ़ें

फुटबाल कोच विवेक प्रताप सिंह। जागरण
HighLights
बस्ती के फुटबाल कोच विवेक प्रताप सिंह को अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण।
साई ने हंगरी के बुडापेस्ट में प्रशिक्षण हेतु चयनित किया।
प्रशिक्षण का खर्च भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) वहन करेगा।
जागरण संवाददाता, बस्ती। बस्ती के फुटबाल कोच विवेक प्रताप सिंह को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशिक्षण प्राप्त करने का अवसर मिला है। भारतीय खेल प्राधिकरण (साई) की ओर से उन्हें हंगरी की राजधानी बुडापेस्ट में आयोजित क्षमता संवर्धन पाठ्यक्रम के लिए चयनित किया गया है।
हंगेरियन यूनिवर्सिटी आफ स्पोर्ट्स साइंसेज के सहयोग से 16 नवंबर से चार दिसंबर तक प्रशिक्षण कार्यक्रम चलेगा। इसके लिए साई के नेताजी सुभाष राष्ट्रीय खेल संस्थान, पटियाला ने 22 अक्टूबर को स्वीकृति आदेश जारी किया है।
शहर के मिश्रौलिया अपरा सिटी निवासी विवेक प्रताप सिंह वर्ष 2024 में सिक्किम फुटबाल टीम के हेड कोच नियुक्त हुए थे। वह वर्ष 2005 में अंडर-19 नेशनल बीसी ट्राफी में उत्तर प्रदेश का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। इसके अलावा अंडर-21 राष्ट्रीय दत्ता राय ट्राफी और सीनियर संतोष ट्राफी में भी यूपी की ओर से खेल चुके हैं।
नवंबर 2017 में भारतीय खेल प्राधिकरण में फुटबाल कोच नियुक्त हुए विवेक ने शिलांग, दिल्ली और सिक्किम में खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया है। अप्रैल 2023 में भारतीय महिला अंडर-17 फुटबाल टीम के साथ किर्गिस्तान में भी भागीदारी किया था।
यह भी पढ़ें- बस्ती में ट्रैक्टर की टक्कर से मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव की मौत, परिवार में पसरा मातम
हंगरी में प्रशिक्षण के दौरान हवाई यात्रा, चिकित्सा और पाठ्यक्रम का खर्च साई उठाएगा, जबकि रहने और भोजन की व्यवस्था मेजबान विश्वविद्यालय करेगा। इस उपलब्धि से जिले के खेल जगत और स्वजन के बीच खुशी है।
यह भी पढ़ें- UP के बस्ती में शिक्षकों की भारी कमी, इकलौते शिक्षक के भरोसे चल रहे 110 स्कूल; 4 स्कूल अध्यापक विहीन