UP के बस्ती में शिक्षकों की भारी कमी, इकलौते शिक्षक के भरोसे चल रहे 110 स्कूल; 4 स्कूल अध्यापक विहीन
बस्ती जिले के परिषदीय विद्यालयों में शिक्षकों की कमी से पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है।

बस्ती में 110 विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे और चार बिना शिक्षक के चल रहे हैं।
HighLights
बस्ती के 110 परिषदीय विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे।
चार विद्यालय बिना शिक्षक के उधार के गुरुजी से चल रहे।
335 सरप्लस शिक्षकों का जल्द होगा समायोजन, अनुपात सुधरेगा।
जागरण संवाददाता, बस्ती। जिले के कुछ परिषदीय विद्यालय एकल शिक्षक के भरोसे ही चल रहे हैं। छात्र व शिक्षक अनुपात बराबर न होने से पठन-पाठन प्रभावित हो रहा है। जहां छात्रों की संख्या अधिक है वहां शिक्षकों को पढ़ाना थोड़ा कठिन है। इसकी वजह से बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा नहीं मिल पा रही है। दूसरी तरफ चार विद्यालय ऐसे हैं जहां एक भी शिक्षक नहीं है। यहां पर उधार के शिक्षक बच्चों को पढ़ा रहे हैं।
जनपद में कुल 2071 परिषदीय विद्यालय हैं। इसमें 1436 प्राथमिक, 301 कंपोजिट व 334 उच्च प्राथमिक विद्यालय हैं। जूनियर व प्राइमरी मिलाकर कुल 110 विद्यालयों में एक-एक शिक्षक ही तैनात हैं। अधिकांश विद्यालयों पर शिक्षक व छात्र अनुपात बराबर नहीं है। इसलिए शिक्षकों को अध्यापन कार्य में थोड़ी परेशानी हो रही है। अभी तक विभाग इन विद्यालयों में शिक्षक व छात्र अनुपात बराबर नहीं कर सका है।
समायोजन से एकल व शिक्षक विहीन विद्यालयों की संख्या में आई कमी
अक्टूबर में एकल व शिक्षक विहीन विद्यालयों में शिक्षकों का समायोजन किया गया है। इसकी वजह से कुछ विद्यालयों में शिक्षकों की कमी दूर हुई है। समायोजन से पहले 271 विद्यालय एकल थे और आठ विद्यालय शिक्षक विहीन थे।हाईकोर्ट के निर्देश के बाद वर्ष 2025 में होने वाले समायोजन को इस वर्ष किया गया। ऐसे में 110 विद्यालय एकल शिक्षक की सूची से बाहर हो जाएंगे। वहीं चार शिक्षक विहीन विद्यालयों पर शिक्षकों की तैनाती हो गई।
प्राइमरी में 30 छात्र पर एक व जूनियर में 35 पर एक शिक्षक
परिषदीय विद्यालय में छात्र व शिक्षक के अनुपात को बराबर रखने के लिए मानक तय है। प्राइमरी में 30 छात्रों पर एक शिक्षक व जूनियर में 35 छात्रों पर एक शिक्षक की तैनाती अनिवार्य है।
35 शिक्षक है सरप्लस
जिले के परिषदीय विद्यालयों में 335 शिक्षक सरप्लस है। जल्द ही विभाग सर प्लस शिक्षकों को शिक्षक विहीन विद्यालय व एकल विद्यालय में तैनात करने की प्रक्रिया पूरी कराएगा।
बीएसए अनूप कुमार ने कहा कि अक्टूबर में कुछ समायोजन के बाद एकल विद्यालय व शिक्षक विहीन विद्यालयों की संख्या में कमी आई है। जल्द ही सरप्लस शिक्षकों का समायोजन कराया जाएगा। इससे जिन विद्यालयों में शिक्षक व छात्र अनुपात बराबर नहीं है, वहां अनुपात ठीक हो जाएगा।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।