विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

आज नहाय-खाय से शुरू होगा छठ महापर्व, बाजारों में रौनक और तैयारियां जोरों पर

Published: Fri, 13 Nov 2026 11:18 AM (IST)

बस्ती में लोक आस्था का चार दिवसीय छठ महापर्व नहाय-खाय के साथ शुरू हो रहा है, जिसमें व्रती सूर्य देव ...और पढ़ें

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

तस्वीर का इस्तेमाल प्रतीकात्मक प्रस्तुतीकरण के लिए किया गया है। जागरण

HighLights

  1. नहाय-खाय से चार दिवसीय छठ महापर्व का शुभारंभ।

  2. बाजारों में फल, पूजन सामग्री की खरीदारी में तेजी।

  3. व्रती परिवार की सुख-समृद्धि और संतान दीर्घायु की कामना करेंगी।

जागरण संवाददाता, बस्ती। लोक आस्था और सूर्य उपासना का चार दिवसीय महापर्व छठ शुक्रवार से नहाय-खाय के साथ शुरू होगा। पर्व को लेकर घरों से लेकर घाटों तक तैयारियां तेज हो गई हैं। व्रत रखने वाली महिलाएं पूरी श्रद्धा और निष्ठा के साथ छठ व्रत की तैयारियों में जुटी हैं। इस महापर्व में शुद्धता, पवित्रता और संयम का विशेष महत्व है। चार दिनों तक चलने वाले इस अनुष्ठान में व्रती भगवान सूर्य और छठी मइया की आराधना कर परिवार की सुख-समृद्धि और संतान की दीर्घायु की कामना करेंगे।

छठ महापर्व को लेकर बाजारों में भी चहल-पहल बढ़ गई है। फल, गन्ना, नारियल, सूप, दउरा और पूजन सामग्री की दुकानों पर खरीदार पहुंचने लगे हैं। मिट्टी के चूल्हे, नए बर्तन और छठ पूजा में इस्तेमाल होने वाली अन्य सामग्री की मांग भी बढ़ रही है।

फल विक्रेताओं ने पर्व को देखते हुए मौसमी फलों का स्टाक जुटाना शुरू कर दिया है। वहीं बांस से बने सूप और दउरा की दुकानें भी सज गई हैं। पर्व नजदीक आने के साथ बाजार में खरीदारी और तेज होने की उम्मीद है। गुरुवार को बाजार में रौनक बढ़ गई। छठ पूजा की सामग्री की खरीदारी के लिए दिन में बाजार में भीड़ नजर आई। गांधनीगर, पुरानी बस्ती व मंगल बाजार में काफी भीड़ रही।

पर्व के पहले दिन नहाय-खाय की परंपरा निभाई जाएगी। इस दिन व्रती घर और पूजन स्थल की साफ-सफाई करने के बाद स्नान कर शुद्ध भोजन ग्रहण करेंगी। इसके साथ ही छठ महापर्व के कठिन अनुष्ठान की शुरुआत हो जाएगी। 14 नवंबर को खरना होगा। इस दिन व्रती पूरे दिन उपवास रखेंगी और शाम को स्नान के बाद गुड़ की खीर, रोटी आदि का प्रसाद तैयार कर भगवान को भोग लगाएंगी। इसके बाद प्रसाद ग्रहण कर निर्जला व्रत का संकल्प लेंगी।

15 नवंबर को पर्व का प्रमुख अनुष्ठान होगा। इस दिन व्रती अस्ताचलगामी सूर्य को नदी, तालाब और अन्य जलाशयों के किनारे पहुंचकर अर्घ्य देंगी। बांस के सूप और दउरा में मौसमी फल, ठेकुआ, गन्ना, नारियल सहित अन्य पूजन सामग्री सजाई जाएगी। 16 नवंबर की सुबह उदीयमान सूर्य को अर्घ्य दिया जाएगा। इसके बाद व्रती पारण कर चार दिवसीय कठिन व्रत को पूरा करेंगी।

यह भी पढ़ें- बस्ती के मुंडेरवा चीनी मिल में नवंबर के आखिरी हफ्ते से शुरू होगी पेराई, ब्वायलर पूजन से हुआ आगाज

छठ महापर्व में ठेकुआ, कसार, मौसमी फल, गन्ना और साठी के चावल से बने प्रसाद का विशेष महत्व है। व्रत के दौरान स्वच्छता और सात्विकता का विशेष ध्यान रखा जाता है। यही वजह है कि प्रसाद तैयार करने से लेकर पूजन सामग्री की व्यवस्था तक में पूरी सावधानी बरती जाती है।

यह भी पढ़ें- बस्ती के 1352 कोटेदारों के लिए बड़ी खुशखबरी, खातों में आएगी 73.69 लाख रुपये अतिरिक्त मार्जिन मनी

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।