एक तरफ बढ़ रहे हिरण, दूसरी तरफ घटते बारहसिंगा, बस्ती में आखिर कहां खो रहा है यह दुर्लभ जीव?
बस्ती में अन्य हिरण प्रजातियों की संख्या बढ़ने के बावजूद बारहसिंगा की आबादी में भारी गिरावट दर्ज की गई है। सड़क दुर्घटनाएं, कुत्तों के हमले, शिकार और आवास की कमी इनकी मृत्यु के प्रमुख कारण बन रहे हैं।

बारहसिंगा। जागरण
HighLights
बस्ती में बारहसिंगा की संख्या 2017 से 2022 के बीच घटी।
सड़क दुर्घटनाएं, कुत्तों के हमले, शिकार प्रमुख मृत्यु के कारण।
आवास की कमी और मानवीय हस्तक्षेप भी गिरावट का कारण।
संजय विश्वकर्मा, बस्ती। हिरणों की दृष्टि से लगातार समृद्ध हो रहे बस्ती जनपद में बारहसिंगा प्रजाति के हिरणों की जान जोखिम में है। लगातार हो रही मृत्यु से उनकी संख्या घट रही है। वहीं इनके शिकार की आशंका भी जताई जा रही है।
वर्ष 2017 में हुई वन्य जीवन गणना में कुल 408 हिरण पाए गए थे, इनमें हिरणों की पांच प्रजातियों की मौजूदगी बस्ती में पाई गई थी। जिसमें पाढा 170, बारहसिंगा 136, चीतल 94, सांभर छह, व दो काला मृग पाए गए थे। वर्ष 2022 में जब वन्य जीव गणना कराई गई तो लोगों को उम्मीद थी बारहसिंगा की संख्या बढी होगी, मगर उनकी उम्मीद के विपरीत इनकी संख्या में कमी पाई गई।
अन्य प्रजातियों के हिरणों की संख्या में जहां काफी वृद्धि हुई वहीं बारहसिंगा की संख्या घटकर महज 85 रह गई। अब तो यह बहुत कम दिख रहे हैं। मादा बारहसिंगा साल में केवल एक बार प्रजनन करती है और सामान्यतः एक बार में एक बच्चे को जन्म देती है। बारहसिंगा को उत्तर प्रदेश की सरकार ने अपना राज्य पशु घोषित कर रखा है। दुर्लभ वन्य जीव होने के कारण इसे संकटग्रस्त सूची में रखा गया है।
इस वर्ष बारहसिंघा के साथ हुई कुछ घटनाएं
- 24 मार्च- बभनान कस्बे में घुसे बारहसिंगा को कुत्तों ने किया था घायल।
- 8 मई- महाराजगंज कस्बे में सड़क पार करते बाइक की ठोकर से घायल।
- 3 जून- महुआरी वाल्टरगंज के पास सड़क पार करते वाहन की चपेट में आने से मृत्यु।
- 3 जून- कुत्तों के हमले से बचने के लिए वाल्टरगंज कस्बे के एक घर में घुसा बारहसिंगा।
- 5 जून- बभनान स्थित एक गन्ने के खेत में लगे तार के बाड़ में सींग फंसने से बारहसिंगा की मृत्यु।
वन्यजीव संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत बारहसिंगा एक संरक्षित जीव है। इसके सींग, खाल या शरीर के किसी भी हिस्से का व्यापार करना, बेचना या बिना सरकारी अनुमति के रखना दंडनीय अपराध है। ऐसा करते हुए पकड़े जाने पर भारी जुर्माना और तीन से सात वर्ष तक की सजा हो सकती है। -गोपेन्द्र अग्रहरी, अधिवक्ता
यह भी पढ़ें- बस्ती रिंग रोड से शहर को मिलेगी जाम से राहत, 200 गांवों की कनेक्टिविटी होगी मजबूत
बारहसिंगा का प्राकृतिक वास दलदली घास का मैदान होता है, जो खत्म होता जा रहा हैं। इनकी संख्या घटने का यह एक बड़ा कारण है। यह सींग के कारण अक्सर फंस जाते हैं। सींग, मांस व खाल के लिए इनका शिकार भी चोरी छिपे हो रहा है। -प्रोफेसर डा.जे.पी. शुक्ल, पूर्व चेयरमैन, प्राणि विज्ञान (बोर्ड आफ स्टडीज), सिद्धार्थ विश्वविद्यालय
हैबिटेट में कमी होना बारहसिंगा की संख्या घटने का बहुत बड़ा कारण है। जंगलों में लोगों का आवागमन भी बढा है। इन्हें ब्रीडिंग के लिए शांतिपूर्ण स्थान चाहिए जो अब नहीं मिल पा रहा है। यह भी एक वजह है। -डा. योगेश सिंह, पशु चिकित्साधिकारी, गोरखपुर चिड़ियाघर
हिरण की कोई भी प्रजाति हो उसका हार्ट बहुत कमजाेर होता है। अक्सर यह कुत्तों के दौड़ाने पर हृदयाघात से यह दम तोड़ देते हैं। रही बात उनकी संख्या घटने की तो वे एक निश्चित स्थान पर नहीं रहते हैं। जहां इनको बेहतर हैबिटेट मिलता है, वहां यह चले जाते हैं। इनके शिकार की कोई घटना अब तक सामने नहीं आई है।
-डा.शिरीन, प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी वन प्रभाग, बस्ती
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।