विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कुर्मी-यादव समीकरण पर भाजपा की नजर, अरविंद चौधरी की एंट्री से बस्ती की सियासत में हलचल

Published: Thu, 12 Nov 2026 12:11 PM (IST)

पूर्व सांसद अरविंद चौधरी के भाजपा में शामिल होने से बस्ती की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसे ...और पढ़ें

पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी। जागरण

पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी। जागरण

HighLights

  1. पूर्व सांसद अरविंद चौधरी ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की।

  2. भाजपा की नजर पूर्वांचल के कुर्मी मतदाताओं पर।

  3. सपा के कुर्मी-यादव समीकरण को मिलेगी कड़ी चुनौती।

महेंद्र कुमार त्रिपाठी, बस्ती। यूपी में विधानसभा चुनाव से पहले बस्ती जिले की राजनीति में पूर्व सांसद अरविंद कुमार चौधरी के भारतीय जनता पार्टी में शामिल होने से जिले की सियासत में नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। बुधवार को लखनऊ स्थित भाजपा प्रदेश कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई।

अरविंद चौधरी की भाजपा में एंट्री को महज एक पूर्व सांसद के दल बदलने के रूप में नहीं , बल्कि इसे पूर्वांचल में कुर्मी मतदाताओं को साधने और समाजवादी पार्टी के सामाजिक समीकरण में सेंध लगाने की रणनीति से जोड़कर देखा जा रहा है।

खास बात यह है कि अरविंद चौधरी समाजवादी पार्टी के बस्ती के सांसद रामप्रसाद चौधरी के भतीजे हैं। रामप्रसाद चौधरी पूर्वांचल में कुर्मी समाज के प्रभावशाली नेताओं में गिने जाते हैं। ऐसे में एक ही राजनीतिक परिवार के दो प्रमुख चेहरों का अलग-अलग दलों में होना आने वाले विधानसभा चुनाव में दिलचस्प राजनीतिक स्थिति पैदा कर सकता है। अरविंद चौधरी के भाजपा में शामिल होने से राजनीतिक हलकों में इस बात की चर्चा तेज हो गई है कि क्या भाजपा उनके जरिए कुर्मी मतदाताओं के बीच अपनी पकड़ मजबूत करने में सफल होगी?

कुर्मी मतदाताओं को साधने की रणनीति
उत्तर प्रदेश की राजनीति में कुर्मी समाज का अपना महत्वपूर्ण स्थान है। पूर्वांचल के बस्ती, संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, गोरखपुर और आसपास के जिलों में इस समाज का राजनीतिक प्रभाव माना जाता है। भाजपा लंबे समय से इस सामाजिक आधार को मजबूत करने की कोशिश में जुटी है।

वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में बस्ती सीट पर सपा के रामप्रसाद चौधरी ने भाजपा के हरीश द्विवेदी को पराजित किया था। इस चुनाव में पिछड़े वर्ग के मतदाताओं का समर्थन सपा के लिए महत्वपूर्ण माना गया था। अब रामप्रसाद चौधरी के परिवार से जुड़े पूर्व सांसद अरविंद चौधरी का भाजपा में जाना सपा के लिए राजनीतिक चुनौती के रूप में देखा जा रहा है।

यादव-कुर्मी समीकरण पर भी रहेगी नजर
बस्ती की राजनीति में कुर्मी और यादव मतदाताओं की भूमिका महत्वपूर्ण रही है। समाजवादी पार्टी को इन दोनों के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ का लाभ मिलता रहा है। रामप्रसाद चौधरी के नेतृत्व और राजनीतिक प्रभाव को भी सपा के इसी सामाजिक समीकरण से जोड़कर देखा जाता है। ऐसे में अरविंद चौधरी का भाजपा में शामिल होना सपा के लिए परिवार के भीतर से राजनीतिक चुनौती पैदा करने वाला घटनाक्रम है।

अरविंद चौधरी का राजनीतिक सफर
अरविंद कुमार चौधरी का राजनीतिक सफर बहुजन समाज पार्टी से शुरू हुआ। वर्ष 2009 के लोकसभा चुनाव में उन्होंने बसपा के टिकट पर बस्ती संसदीय सीट से चुनाव लड़ा और जीत दर्ज की। उन्होंने तत्कालीन सपा प्रत्याशी एवं पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह को पराजित किया था। इस जीत के साथ वह 15वीं लोकसभा के सदस्य बने और वर्ष 2009 से 2014 तक बस्ती का प्रतिनिधित्व किया।

यह भी पढ़ें- पूर्व मंत्री राजकिशोर सिंह के राजनीतिक भविष्य पर तलवार, भर्ती प्रकरण में नाम से बढ़ी हलचल

वर्ष 2014 के लोकसभा चुनाव में बसपा ने बस्ती से उनकी जगह उनके चाचा रामप्रसाद चौधरी को प्रत्याशी बनाया। इसके बाद अरविंद चौधरी की सक्रियता और राजनीतिक भूमिका को लेकर अलग-अलग दौर में चर्चाएं होती रहीं। वर्ष 2020 के आसपास रामप्रसाद चौधरी के साथ उनका राजनीतिक जुड़ाव समाजवादी पार्टी की ओर हुआ। अब विधानसभा चुनाव से पहले उन्होंने भाजपा का दामन थाम लिया है। वह भाजपा ज्वाइंनिंग कमेटी के अध्यक्ष धर्मपाल सिंह तथा दयाशंकर सिंह, स्वतंत्र देव सिंह की मौजूदगी में शामिल हुए।

यह भी पढ़ें- 'मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार भाजपा कार्यकर्ता की तरह कर रहे काम', बरेली पहुंचे कांग्रेस नेता कुणाल चौधरी का बड़ा हमला




समाजवादी पार्टी की विचारधारा से मैं सहमत नहीं हूं। भारतीय जनता पार्टी के विचारों का सम्मान करता हूं और उसकी नीतियों में विश्वास रखता हूं। मैंने अपने चाचा रामप्रसाद चौधरी से भी भाजपा में शामिल होने का आग्रह किया था, लेकिन उन्होंने ऐसा नहीं किया। मैंने अपनी अंतरात्मा की आवाज पर भाजपा की सदस्यता ग्रहण की है। मैं पार्टी में एक साधारण कार्यकर्ता के रूप में काम करूंगा और अपना पूरा जीवन भाजपा को समर्पित करूंगा। भाजपा के शीर्ष नेतृत्व के प्रति हृदय से आभार व्यक्त करता हूं।

-

-अरविंद चौधरी, पूर्व सांसद, बस्ती।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।