Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    लखनऊ से आए फोन पर खत्म हुआ सियासी अटकलों का बाजार, सपा ने घाेषित किए प्रत्याशी

    By Ravi MishraEdited By:
    Updated: Thu, 20 Jan 2022 09:51 AM (IST)

    UP Vidhan Sabha Chunav 2022 लखनऊ से आए फोन के बाद बरेली में टिकट को लेकर चल रहे अटकलो के सियासी बाजार पर विराम लग गया है।सपा ने बरेली के विधानसभा क्षेत्रों में प्रत्याशियों की घोषणा शुरू कर दी है।

    Hero Image
    लखनऊ से आए फोन पर खत्म हुआ सियासी अटकलों का बाजार, सपा ने घाेषित किए प्रत्याशी

    बरेली, जेएनएन। UP Vidhan Sabha Chunav 2022 : दिनभर की गहमागहमी, चर्चा और कयासों के बीच बुधवार की रात आखिरकार समाजवादी पार्टी ने जिले में दो सीटों पर पत्ता खोल दिया। नवाबगंज सीट से पूर्व मंत्री भगवत सरन गंगवार व शहर से राजेश अग्रवाल को समाजवादी पार्टी ने उम्मीदवार बनाया है। दोनों को लखनऊ पार्टी कार्यालय से फोन कर टिकट के बारे में जानकारी दी गई। खुद दोनों ने ही पार्टी द्वारा प्रत्याशी बनाए जाने की बात कही। सिंबल के लिए गुरुवार को दोनों लखनऊ रवाना हाेंगे। गुरुवार को ही शेष सात सीटों पर भी प्रत्याशियों के चयन की संभावना है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    मूलरूप से नवाबगंज के अहमदाबाद गांव के रहने वाले भगवत सरन गंगवार साल 1991 में पहली बार भाजपा के टिकट पर नवाबगंज से जीतकर विधायक बने थे। साल 1993 में भी वह भाजपा के ही टिकट पर जीतकर विधायक बने। 1996 में भाजपा के सिंबल पर फिर लड़े, लेकिन इसमे उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 20 सितंबर वर्ष 2000 में भगवत सरन ने सपा का दामन थामा, उसके बाद से पीछे मुड़कर नहीं देखा। साल 2002, 2007 व 2012 में समाजवादी पार्टी के टिकट पर लगातार तीन बार विधायक चुने गए। 2003-07 तक वह प्रदेश सरकार में स्वास्थ्य राज्यमंत्री रहे, वहीं 2012-17 की समाजवादी सरकार में उद्योग विभाग का बतौर स्वतंत्र प्रभार जिम्मा संभाला।

    2017 के चुनाव में वह फिर से समाजवादी पार्टी के टिकट पर नवाबगंज से ही चुनाव लड़े लेकिन, इस बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा। समाजवादी पार्टी के ही टिकट पर उन्होंने दो बार सांसदी का चुनाव भी लड़ा लेकिन, हार गए। अब एक बार फिर सपा ने नवाबगंज सीट से ही भगवत सरन को प्रत्याशी बनाया है। इधर, शहर विधानसभा से टिकट पाने वाले राजेश अग्रवाल साल 1995 से लगातार पार्षद हैं। उनकी पत्नी रागिनी अग्रवाल भी पार्षद रह चुकी हैं। आवास विकास सिविल लाइंस के रहने वाले राजेश अग्रवाल वर्ष 2006 से बरेली विकास प्राधिकरण के सदस्य हैं। सपा की महानगर कार्यकारिणी के उपाध्यक्ष, सपा पार्षद दल के नेता, उप्र उद्योग व्यापार मंडल के जिलाध्यक्ष हैं। टिकट मिलने पर दोनों ने पार्टी नेतृत्व का आभार व्यक्त किया।

    शहर से राजेश अग्रवाल व नवाबगंज से भगवत सरन गंगवार को पार्टी ने प्रत्याशी बनाया है। दोनों को शुभकामनाएं। सपा को हर वर्ग का साथ मिल रहा है। सभी के समर्थन से दस मार्च को प्रदेश में सपा पूर्ण बहुमत से सरकार बनाएगी। - अगम मौर्य, जिलाध्यक्ष, समाजवादी पार्टी