UP Election 2022: बरेली शहर सीट पर जीत की हैट्रिक लगाने को बेताब दिख रहे विधायक अरुण कुमार, जनसंपर्क में दिख रहा जबर्दस्त उत्साह
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2022 पिछलेे दो बार से शहर सीट पर विधायक रहने वाले डा. अरुण कुमार में इस बार उत्साह और अधिक दिखाई दिया। सिविल लाइंस स्थित आवास पर सुबह छह बजे ही उठ गए। फिर नित्य कर्म के बाद घर के मंदिर में पूजा की।

बरेली, (अशोक आर्य)। एक दिन पहले बारिश के बाद शुक्रवार की सुबह कुछ राहत भरी थी। सूरज बादलों की ओट में छिपा था और बर्फीली हवा जिस्म में सिहरन पैदा कर रही थी, मगर चुनाव की तपिश महाौल में गर्माहट पैदा की हुई थी। सियासी रणभेरी की गूंज हर पल जैसे लाव-लश्कर तैयार कर लेने को कह रही थी। घड़ी की सुई साढ़े नौ बजाती, इससे पहले ही भाजपा के शहर विधानसभा सीट के प्रत्याशी डा. अरुण कुमार शील चौराहे पर पहुंच गए। उनके समर्थकों, पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने पल भर में माहौल को भगवामय कर दिया। राम नाम के जयकारों से चौराहा गूंज उठा। ढोल की थाप के साथ कुछ इस तरह शुरू हुआ प्रत्याशी का जनसंपर्क। डा. अरुण के कदमों की गति, मंजिल फतेह करने के इरादे को स्पष्ट कर रही थी।
पिछलेे दो बार से शहर सीट पर विधायक रहने वाले डा. अरुण कुमार में इस बार उत्साह और अधिक दिखाई दिया। सिविल लाइंस स्थित आवास पर सुबह छह बजे ही उठ गए। फिर नित्य कर्म के बाद घर के मंदिर में पूजा की। नाश्ते से पहले कुछ कार्यकर्ताओं को फोन किया। करीब आठ बजे घर से निकल गए। कुछ देर में प्रेमनगर चौराहा के पास स्थित कार्यालय पहुंचे। वहां कार्यकर्ताओं के साथ चाय पी। फिर गांधी नगर स्थित क्लीनिक पर आए। यहां कार्यकर्ताओं से मिले और दिन के कार्यक्रम के बारे में जानकारी ली। फिर कई भाजपाइयों के साथ शील चौराहे पर पहुंचे। ढोल-बाजों के साथ वहां से जनसंपर्क शुरू किया। 73 साल के डा. अरुण की तेज चाल अन्य लोगों को मात दे रही थी। कभी तेजी से दरवाजे तक पहुंचते तो कभी पीछे मुड़कर गली में चले जाते। हर घर का दरवाजा खटखटाया। बुजुर्गों को माला पहनाई और पैर छूकर आशीर्वाद लिया। युवाओं से साथ देने का वादा मांगा। महिलाओं से पिछली दो बार की तरह समर्थन की मांग की। पूरा इंद्रा नगर, आइवीआरआइ रोड, राजेंद्र नगर, आवास-विकास, जनकपुरी में लोगों से डेढ़ बजे तक मिलते रहे। फिर दो बजे से चार बजे तक स्वाले नगर नवदिया में, चार बजे बाला जी विहार, समाधी गौटिया में जनसंपर्क किया। शाम छह बजे तुलसीनगर में बैठक की और लोगों से समर्थन की मांग की। फिर देर रात साढ़े बारह बजे तक अलग-अलग जगह बैठकें कीं।
नेताओं, कार्यकर्ताओं ने बढ़ाई ताकत: जनसंपर्क के दौरान डा. अरुण के कदमों की ताकत बढ़ाने के लिए स्थानीय जनप्रतिनिधि भी उनके साथ रहे। महिला मोर्चा, युवा मोर्चा के कार्यकर्ताओं ने जोशीले नारे लगाए। महानगर अध्यक्ष डा. केएम अरोड़ा, महापौर डा. उमेश गौतम, आइएमए अध्यक्ष डा. विमल भारद्वाज, डा. विनोद पागरानी, पार्षद सतीश चंद्र सक्सेना मम्मा, दीपक सक्सेना, अवनेश कुमार, अतुल कपूर, वीरेंद्र पटेल, बंटी ठाकुर, रचना सक्सेना आदि मौजूद रहे।
कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।