Trending

    Move to Jagran APP
    pixelcheck
    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    'भ्रष्टाचार का अड्डा बना वक्फ बोर्ड', मौलाना शहाबुद्दीन रजवी का बड़ा आरोप; CM Yogi से कर दी ये मांग

    Updated: Tue, 16 Sep 2025 10:32 PM (IST)

    इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने वक्फ संशोधन अधिनियम पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने उत्तर प्रदेश वक्फ बोर्ड को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए भंग करने की मांग की। मौलाना ने बोर्ड के सदस्यों पर भ्रष्टाचार के आरोप लगाए और मुख्यमंत्री से इस मामले में जांच कराने का आग्रह किया। उन्होंने यह भी कहा कि बोर्ड में सपा समर्थकों का दबदबा है।

    Hero Image
    भ्रष्टाचार का अड्डा बना वक्फ बोर्ड, किया जाए भंग।

    जागरण संवाददाता, बरेली। केंद्र सरकार की ओर से किए गए वक्फ संशोधन अधिनियम पर सुप्रीम कोर्ट के फैसले का इंडिया मुस्लिम जमात के राष्ट्रीय अध्यक्ष मौलाना शहाबुद्दीन रजवी ने स्वागत किया।

    मौलाना ने कहा सुप्रीम कोर्ट ने बिल पर मुकम्मल स्टे देने से इन्कार करते हुए दो से तीन जगह संशोधन करके फैसला सुना दिया। मौलाना ने उत्तर प्रदेश वक्फ बोर्ड को भ्रष्टाचार का अड्डा बताते हुए इसे भंग करने की मांग की है।

    विज्ञापन हटाएं सिर्फ खबर पढ़ें

    बरेलवी मौलाना ने मुख्यमंत्री से मांग की है कि वक्फ बोर्ड उत्तर प्रदेश को जल्द भंग किया जाय। उन्होंने आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड भ्रष्टाचार का अड्डा बन चुका है। बोर्ड के सदस्य, कर्मचारी और उच्च पदों पर बैठे हुए लोग भ्रष्टाचार में लिप्त हैं।

    एक छोटी सी मस्जिद की कमेटी, कब्रिस्तान की कमेटी या दरगाह की कमेटी बनवाने के लिए वर्षों वक्फ बोर्ड कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ते हैं और बगैर रिश्वत दिए काम नहीं हो सकता, इसलिए अब इस तरह के बोर्ड की जरूरत नहीं है। उत्तर प्रदेश सरकार इसे भंग करने की घोषणा करे।

    शहाबुद्दीन रजवी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी की सरकार भ्रष्टाचार में जीरो टालरेंस की नीति पर काम कर रही है। मुसलमानों की सबसे बड़ी संस्था वक्फ बोर्ड से संबंधित सभी लोगों के करप्शन की जांच की जानी चाहिए।

     इन लोगों के खिलाफ उत्तर प्रदेश के कई जिलों में प्राथमिकी पंजीकृत हैं, उन मामलों में भी कार्रवाई होना चाहिए। मौलाना ने आरोप लगाया कि वक्फ बोर्ड में उच्च पदों पर बैठे लोग समाजवादी पार्टी के समर्थक हैं। यही नहीं, अध्यक्ष पद पर सपा मुखिया अखिलेश यादव के चहेते कई वर्षों से काबिज हैं।