बरेली में सुभाषनगर पुलिया के पास पाइपलाइन फटी, सैकड़ों घर की पानी की सप्लाई हुई बंद
Pipeline Burst in Bareilly नाला निर्माण के लिए खोदाई के दौरान शुक्रवार देर शाम सुभाषनगर पुलिया के पास पानी की लाइन फट गई। इससे आसपास के सैकड़ों घरों ...और पढ़ें

बरेली, जेएनएन। Pipeline Burst in Bareilly : नाला निर्माण के लिए खोदाई के दौरान शुक्रवार देर शाम सुभाषनगर पुलिया के पास पानी की लाइन फट गई। इससे आसपास के सैकड़ों घरों में पानी की सप्लाई बंद हो गई। स्थानीय लोगों ने जल निगम व नगर निगम के अधिकारियों से शिकायत की, लेकिन लाइन की मरम्मत नहीं कराई गई। स्टेशन रोड पर सुभाषनगर पुलिया वाले मोड पर सिविल लाइंस क्षेत्र का पानी भूमिगत नाले से पुलिया की ओर जाता था।
बीते दिनों आई तेज बारिश में पाइप फट गया। इससे वहां पानी बहने लगा था। उसकी मरम्मत के साथ ही जल निगम ने वहां बड़ा गड्ढा कर दिया। वहां से पक्का नाला का निर्माण पुलिया तक किया जा रहा है। शुक्रवार देर शाम नाला निर्माण के लिए हो रही खोदाई के दौरान पानी की लाइन कट गई। इससे पानी तेज फोर्स के साथ बहने लगा। शनिवार को भी दिन भर पानी बहता ही रहा। इसके साथ ही वहां पानी बहने के कारण मिट्टी भी लगातार धंसने लगी है। लोगों ने इससे खतरे की आशंका जताई है।
करीब तीन सौ घरों का पानी बंद : वहां रहने वाले रवि टंडन, राहुल शुक्ला, विनोद टंडन, विशाल शुक्ला, वरुण बिसारिया समेत अन्य लोगों ने बताया कि यह क्षेत्र वार्ड 32 गांधी उद्यान में आता है। पानी की लाइन फटने से वहां के करीब तीन सौ घरों में पानी की आपूर्ति बंद हो गई है। इसके शिकायत जल निगम व नगर निगम के अधिकारियों से की, लेकिन सुनवाई नहीं हो रही है। इससे लोगों में आक्रोश है।

कमेंट्स
सभी कमेंट्स (0)
बातचीत में शामिल हों
कृपया धैर्य रखें।