विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Oct 07, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

यूपी में पशुओं को खुला छोड़ने वालों के खिलाफ योगी सरकार ला रही नया नियम; मुकदमे के साथ भुगतना होगा यह अंजाम

By Ashok Kumar AryaEdited By: Mohammed Ammar
Published: Sat, 07 Oct 2023 03:49 PM (IST)

Bareilly News Update in Hindi मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री ने बताया कि जिले में ...और पढ़ें

Bareilly News : मुकदमे के साथ भुगतना होगा यह अंजाम
Bareilly News : मुकदमे के साथ भुगतना होगा यह अंजाम

जागरण संवाददाता, बरेली। खेतों, सड़कों समेत अन्य खुले स्थानों पर घूमने वाले बेसहारा पशुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है। किसानों के साथ ही राहगीर भी इनसे परेशान हैं। शनिवार को पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह के सामने अधिकारियों ने जब खुले में घूमने वाले पशुओं की संख्या मात्र 347 बताई तो उनकी भौंहे चढ़ गईं।

अधिकारियों पर खासी नाराजगी जताई और इस आंकड़े को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। यह बात विकास भवन सभागार में पत्रकार वार्ता में खुद कैबिनेट मंत्री ने स्वीकार की। बोले, बरेली में अब तक 7500 बेसहारा पशुओं को संरक्षण दिया जा चुका है, जबकि अभी भी करीब तीन हजार पशु खुले में घूम रहे हैं।

एक नवंबर से 31 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान

मंडल के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद कैबिनेट मंत्री ने बताया कि जिले में अब तक 10 नई गोशाला बनाई जा चुकी हैं। पशुओं के लिए गोचर भूमि पर हरा चारा बो दिया गया है। भूसे का भी पूरा प्रबंध है। कुछ गोशालाओं की क्षमता वृद्धि की है और अस्थायी गोशालाएं भी बनाई हैं।

बेसहारा पशुओं को आश्रय स्थल पर पहुंचाने के लिए एक नवंबर से 31 दिसंबर तक विशेष अभियान चलाया जाएगा। बोले, अगर कोई पशु बेसहारा घूमता मिलता है तो उसे कांजीहाउस भेजेंगे। उनके कान पर लगे टैग से मालिक का पता लगाकर उससे किसान के नुकसान की भरपाई की जाएगी और उस पर प्राथमिकी भी लिखाई जाएगी। उन्होंने बताया कि नंदिनी योजना के तहत जो दूसरे राज्य से दो गाय लाते हैं, उन्हें छूट मुहैया कराई जाएगी। एक गोशाला के प्रसारित वीडियो के संबंध में जांच कराने की बात कही।

कृतिम गर्भाधान से ज्यादा दूध देंगी गाय, नहीं छोड़ेंगे पशुपालक

कैबिनेट मंत्री ने बताया कि प्रदेश में देसी गायों की नस्ल में सुधार के लिए कृतिम गर्भाधान कराया जाएगा। इसके तहत साहिवाल, गिरि, हरियाणवी, गंगाखीरी आदि नस्ल के पशु का सीमन का इस्तेमाल होगा, जिससे जो बछिया होगी उसकी दूध उत्पादकता क्षमता अधिक होगी। ज्यादा दूध देने के कारण पशुपालक गायों को नहीं छोड़ेंगे।

आंवला में बनेगी पहली आत्मनिर्भर गोशाला

पशुधन मंत्री धर्मपाल सिंह ने बताया कि श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर वह आंवला के 50 गांवों में गाय की भी पूजा की थई। हर जगह एक व्यक्ति ने एक गाय गोद लेकर उसके लिए 12 हजार रुपये दिए। इस तरह करीब नौ लाख रुपये इकट्ठा हो गया है, जिसे डीएम के पास जमा कराया है। इससे वहां पहली आत्मनिर्भर गोशाला बनने जा रही है। गायों को संरक्षण देने के लिए समाज खड़ा हो रहा है।

मदरसों में होगी एआइ की पढ़ाई

कैबिनेट मंत्री धर्मपाल सिंह ने कहा कि प्रदेश के मदरसों में अब आर्टिफिशियल इंटेलीजेंस (एआइ) आधारित पढ़ाई भी होगी। मदरसों के बच्चे उर्दू, अरबी, फारसी, दीनी तालीम के साथ ही हिंदी, अंग्रेजी, इंग्लिश, विज्ञान व एआइ की पढ़ाई भी करेंगे। मुस्लिम गरीब बच्चों को भी मुख्य धारा से जोड़ने के लिए यह प्रयास सरकार कर रही है।

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने भी कहा है कि एक हाथ में कुरान और दूसरे में लैपटाप देखना चाहते हैं। यह मंशा मदरसों में पढ़ने वाले बच्चों को आगे बढ़ाने की है। जातीय जनगणना पर बोले, इस तरह की गणनाएं होती रही हैं। आरक्षण भी तय किए जाते रहे हैं। विपक्षी गठबंधन पर बोले, यह लोग पास-पास हैं, लेकिन साथ-साथ नहीं है, बिखर जाएंगे। बोले, भाजपा किसानों, गरीबों, मजदूरों की सर्वाधिक चिंता करती है। इसी मुद्दे पर 2024 में भी जीत हासिल करेगी।